पंजाब: पंजाब के अमृतसर में विजिलेंस विभाग में तैनात एसएसपी लखबीर सिंह को निलंबित कर दिया गया है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई एक निर्माण कंपनी से जुड़े मामले की जांच के दौरान बरती गईं अनियमितताओं के आधार पर हुई है। एक सीनियर आईएएस अधिकारी की शिकायत के बाद सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया।
सामने आया है कि अमृतसर के रंजीत एवेन्यू इलाके में 50 करोड़ रु से अधिक की लागत से स्वीकृत विकास कार्यों को लेकर भी गंभीर आरोप सामने आए हैं। शिकायतों में कहा गया है कि जिन योजनाओं के लिए धनराशि जारी की गई थी, उनका कार्य धरातल पर भी नजर नहीं आ रहा , जबकि भुगतान करोड़ों रुपये में किया गया। इस मामले की शिकायत शासन तक पहुंचने के बाद जांच की प्रक्रिया शुरू की गई । इस पूरे मामले पर उच्च स्तर से निगरानी की जा रही है और आने वाले समय में इस प्रकरण में और भी अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
बता दें कि लखबीर सिंह को मार्च 2025 में अमृतसर के विजिलेंस विभाग का एसएसपी नियुक्त किया गया था। ऐसा बताया जाता रहा है कि जून 2025 में चर्चित विक्रम मजीठिया की गिरफ्तारी से जुड़ी कार्रवाई में भी लखबीर सिंह ने विशेष भूमिका निभाई थी। परन्तु कुछ ही महीनों के अंदर उन पर भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप सामने आए, जिसके बाद उनके निलंबन की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। वर्तमान में लखबीर सिंह और इससे पहले हुए अमृतसर देहात के एसएसपी के निलंबन को लेकर पुलिस महकमा असहज महसूस कर रहा है।
