उत्तराखंड: उत्तराखंड में बीजेपी सरकार के चार साल पूरे होने के उपलक्ष में विकास योजनाओं की जानकारी लेकर विकास रथ प्रत्येक विधानसभा तक पहुंचेगा। हाल ही में संपन्न हुई कोर कमेटी की बैठक में वर्ष 2022 के चुनाव में हारे हुए बूथों को जीतने का लक्ष्य रखा गया है। कोर कमेटी की बैठक में तय किया गया है कि प्रत्येक विधानसभा में एक से चार तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें भाजपा सरकार की उपलब्धियों का विकास रथ लेकर पहुंचेगी।

केंद्र सरकार, राज्य सरकार के अलावा संबंधित विधानसभा में हुए विकास कार्यों को भी इन कार्यक्रमों के जरिए जनता के मध्य तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया है कि प्रत्येक विधानसभा के किसी एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री, सांसद में से कोई एक अवश्य सम्मिलित होगा। आवश्यकता के अनुरूप केंद्रीय मंत्रियों को भी इनमें से किसी विधानसभा विशेष में बुलाया जा सकता है। बता दें कि प्रदेश भाजपा का मंडल स्तर का कार्यक्रम आठ से 14 अप्रैल के बीच होना तय हुआ है, जिसकी तैयारियों के मद्देनजर 17 फरवरी को संगठन की कार्यशाला आयोजित होगी।

भाजपा ने तय किया है कि सहसपुर विधानसभा में महिलाओं का एक बड़ा कार्यक्रम कराया जाएगा लेकिन अभी इसकी तिथि निश्चित की जानी शेष है। इस कार्यक्रम में किसी महिला केंद्रीय मंत्री के पहुंचने की भी संभावना है।

भारतीय जनता पार्टी 23 मार्च को प्रदेश भाजपा सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर रैली करेगी, जिसमें करीब दो लाख लोगों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। इस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह या रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

बैठक में ये भी तय किया गया है कि मुख्यमंत्री धामी प्रत्येक लोकसभा में शामिल विधानसभा के पार्टी विधायकों की बैठक लेंगे। बैठक में संबंधित विधानसभाओं में हुए सरकार के कार्यों और शेष कार्यों पर विचार – विमर्श किया जाएगा जिससे समय पर सभी कार्य पूरे किए जा सकें। इसी प्रकार मार्च में पार्टी के सभी मोर्चों की संयुक्त बैठक आयोजित होगी, जिसमें आगामी विस चुनाव को लेकर मोर्चों की रणनीति तैयार की जाएगी। इसके जरिए बूथ स्तर तक सरकार की योजनाओं और पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकेगा।

विदित हो कि प्रदेश में अगले चुनाव के मद्देनजर दो सर्वे किए जा चुके हैं। कोर कमेटी की बैठक में सीएम धामी ने इन्हें रखा, लेकिन नड्डा ने अगली बैठक तक के लिए इसे मुल्तवी कर दिया। अब कोर कमेटी की अगली बैठक में मुख्य रूप से सर्वे रिपोर्ट पर चर्चा की जाएगी। दोनों सर्वे में प्रदेशभर में भाजपा विधायकों की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी, जिसके अनुसार पार्टी आगे के लिए कमजोर सीटों पर अपनी रणनीति तय करेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *