नई दिल्ली: देश भर में होली के त्योहार को लेकर तैयारियां तो पहले से ही शुरू हो गईं थीं लेकिन चंद्रग्रहण की वजह से रंगोत्सव एक दिन बाद यानि आज बुधवार को मनाया जा रहा है। सड़कों से लेकर छतों तक जश्न मनाने की तैयारियां कर ली गई हैं। माहौल खराब न हो इसके लिए पुलिस ने भी अपनी तैयारी की हुई हैं।
होली की पूर्व संध्या पर राजधानी के बाजारों में देर रात तक रौनक बनी रही। अबीर गुलाल, पिचकारियों और सफेद रंग के कुर्तों की खरीदारी जोरों पर रही। मिठाई की दुकानों पर गुझिया और ठंडाई के लिए भीड़ लगी रही। राजधानी की कई सोसाइटियों और आरडब्ल्यूए ने सामूहिक होली मिलन कार्यक्रमों के लिए डीजे, रेन डांस और सांस्कृतिक आयोजनों की व्यवस्था की हुई है। पार्कों और क्लबों में मंच सजाए गए हैं, रंगों की टंकियां तैयार की गईं और आयोजन समितियां जोर शोर से उत्सव की अंतिम तैयारियों में जुटी रहीं। सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रमुख चौराहों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। हुड़दंग तथा नशे की हालत में वाहन चलाने पर सख्ती के निर्देश दिए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने भी विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बनने पाए।
राजधानी समेत देशभर के बच्चों में रंग खेलने को लेकर उत्साह अपने चरम पर है तो बुजुर्गों के लिए यह त्योहार रिश्तों की मिठास को ताजा करने का अवसर है। सुबह से ही राजधानी रंगों से सराबोर हो उठी है। ढोल की थाप, डीजे की धुन और हंसी-ठिठोली के बीच राजधानीवासी कुछ घंटों के लिए अपनी रोजमर्रा की भागदौड़ भूलकर सिर्फ रंग, रिश्ते और उल्लास के उत्सव में डूबे नजर आ रहे हैं।
दिल्ली सरकार द्वारा इस वर्ष घोषित ड्राई डे की सूची में रंगों की होली यानि धुलंडी को सम्मिलित नहीं किया गया है। आबकारी विभाग ने इस वर्ष गणतंत्र दिवस, महाशिवरात्रि, ईद-उल-फितर, राम नवमी और महावीर जयंती पर शराब की दुकानें बंद करने का निर्णय लिया है, लेकिन होली के दिन दुकानों को बंद रखने का प्रावधान नहीं किया गया है। इस बार होली पर शराब की दुकानें खुली रहेंगी।
दिल्ली के साथ – साथ एनसीआर और उत्तर भारत में भी बुधवार के दिन जमकर अबीर और गुलाल उड़ाए जा रहे हैं। रंगों से सराबोर होकर लोग उत्साह से होली का पर्व मना रहे हैं। चंद्र ग्रहण के कारण 3 मार्च को रंग वाली होली नहीं खेली गई थी, इस वजह से 4 मार्च को जमकर गुलाल और रंगों की बरसात हो रही है।
पुलिस प्रशासन ने होली के पर्व पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हुए हैं। पुलिस ने शहर से लेकर गांवों तक मजबूत व्यवस्था की हुई है। जिला प्रशासन ने सभी मजिस्ट्रेटों को एक्टिव किया हुआ है और पुलिस का खुफिया तंत्र भी पूरी तरह सक्रिय है।
