अहमदाबाद: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज खेली जा रही है। लखनऊ में खेले जाने वाला चौथा मैच फॉग के चलते रद्द करना पड़ा था, जिससे फैंस काफी निराश हुए थे। अब सीरीज का 5वां यानी आखिरी मैच आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। मौसम को देखते हुए इस मुकाबले पर भी संशय के बादल छाए हैं। फैंस आशंकित हैं कि कहीं यह मुकाबला भी तो कोहरे की भेंट नहीं चढ़ जाएगा ?
मौसम विभाग की रिपोर्ट बता रही है कि 19 दिसंबर यानी आज अहमदाबाद में कोहरे की संभावना नहीं है। इसका मतलब है कि मैच बिना किसी रुकावट के पूरा हो सकता है। आसमान बिल्कुल साफ है और तापमान 16 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। इस रिपोर्ट के आने के बाद फैंस ने राहत की सांस ली है और वो अपने चहेते खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते हुए देख सकेंगे। रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि AQI 100 से 110 के बीच रहेगा जबकि लखनऊ में चौथे टी20 मैच के दौरान यह 400 के करीब दर्ज किया गया था। अहमदाबाद भारत का वो हिस्सा है, जहां नवंबर, दिसंबर और जनवरी में ज्यादा ठंड नहीं होती। रोशनी ज्यादा देर तक रहती है और यहां कोहरा या स्मॉग की भी समस्या अमूमन नहीं देखी जाती।
मौजूदा सीरीज में टीम इंडिया फिलहाल 2-1 की बढ़त बनाए हुए है। अब वो आखिरी मैच जीतकर श्रृंखला को 3-1 से अपने नाम करना चाहेगी, जबकि अफ्रीका के पास 2-2 से बराबरी करने का बढ़िया मौका होगा। पहला मैच भारत ने 101 रनों से जीता था। दूसरे मैच में टीम इंडिया को 51 रन से हार का सामना करना पड़ा था। सीरीज का तीसरा मुकाबला धर्मशाला में खेला गया था, जिसमें भारत ने 25 रन से जीत दर्ज की थी। लखनऊ में होने वाला चौथा मैच रद्द हुआ, अब आखिरी मैच अहमदाबाद में होने जा रहा है। अब अगर भारत पांचवां टी20 मैच जीतता है, तो वह सीरीज 3-1 से अपने नाम कर लेगा, जबकि यह मैच द अफ्रीका के लिए करो या मरो वाला है।
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अब तक 34 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जा चुके हैं। इनमें से भारत ने 20 में, जबकि द अफ्रीका ने 13 में जीत दर्ज की है। 1 मैच बेनतीजा रहा है। टीम इंडिया अपने घर में लगातार 17 टी20 सीरीज जीत चुकी है। टीम को आखिरी हार साल 2019 में ऑस्ट्रेलिया से मिली थी। इसके बाद भारत ने घर में 17 सीरीज खेलीं, जिनमें से वह 15 में जीता और 2 ड्रॉ रहीं।
