उत्तराखंड : उत्तराखंड में आगामी 19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा के लिए परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने ग्रीन कार्ड प्रणाली का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रीन कार्ड से चारधाम यात्रा को गति मिलेगी। उत्तराखंड सरकार द्वारा सुरक्षित और सुगम  उत्तराखंड चारधाम यात्रा कराई जाएगी।

19 अप्रैल से प्रारंभ होने जा रही चारधाम यात्रा के सफल और सुरक्षित संचालन के लिए परिवहन विभाग की ओर से व्यावसायिक यात्री वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड प्रणाली का शुभारंभ परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा द्वारा एआरटीओ कार्यालय रोशनाबाद हरिद्वार में किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रीन कार्ड प्रणाली के द्वारा चारधाम यात्रा में शामिल व्यावसायिक वाहनों को तकनीकी रूप से फिट और सुरक्षित किया जाएगा।

वाहन स्वामी परिवहन विभाग की अधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ग्रीन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित शुल्क जमा कर सकते हैं। निकटतम परिवहन कार्यालय में वाहन का तकनीकी निरीक्षण करवाने के पश्चात ग्रीन कार्ड जारी कर दिया जाएगा। 

परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने स्कूलों में बसों का किराया बढ़ने के सवाल पर बताया कि अब तक कोई आदेश जारी नहीं किया गया है और इस मुद्दे पर परिचर्चा के लिए 31 मार्च  को बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में स्कूल बसों का किराया बढ़ाने के लिए अंतिम फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा और बस संचालन के आधार पर किराया निर्धारित किया जाएगा।

उत्तराखंड परिवहन विभाग की ओर से चारधाम की यात्रा पर जाने वाले व्यावसायिक वाहनों के ग्रीन कार्ड बनाने की कवायद शुरू हो गई। हवन-पूजन के पश्चात प्रथम दिवस पर करीब 34 वाहनों के ग्रीन कार्ड जारी किए गए। इस दौरान एआरटीओ कार्यालय में चहल पहल नजर आई। मंगलवार से वाहनों के ग्रीन कार्ड नियमित रूप से बनने प्रारंभ हो जाएंगे। अपर परिवहन आयुक्त अपनी टीम के साथ एआरटीओ कार्यालय पहुंचे। कार्यालय परिसर में शांतिकुंज हरिद्वार के वेदपाठी ब्राह्मणों की ओर से आयोजित हवन यज्ञ में विभागीय अधिकारियों की ओर से आहुति डाली गई। इसके बाद उन्होंने वाहन चेकिंग कार्यालय का फीता काटकर विधिवत उसका उद्घाटन किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *