उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल में 24 से 26 जनवरी तक यूपी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यूपी दिवस समारोह में शिरकत करने के लिए गृह मंत्री अमित शाह लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर सीएम योगी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बुके देकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, जिसके बाद अमित शाह राष्ट्र प्रेरणा स्थल पहुंचे।

इस अवसर पर अमित शाह ने जय श्री राम और भारत माता की जय का जयकारा लगाकर अपने संबोधन की शुरुआत की। अमित शाह ने कहा कि कोई 2017 के पहले कोई यूपी के आज के स्वरूप की कल्पना भी नहीं कर सकता था। आज यूपी ग्रीन डेस्टिनेशन बन गया है और लूट डकैती में कमी आई है। यूपी विकास के रास्ते पर तेजी से अग्रसर है। अगला साल चुनाव का साल है जिसमें यूपी के विकास के लिए हम प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएंगे। परिवारवादी पार्टियां यूपी का कल्याण नहीं कर सकती, ऐसा सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। भाजपा ने भ्रष्टाचार खत्म किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में हर मतदाता जाति पाति से ऊपर उठकर भाजपा का कमल खिलाएगा।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने कूड़े को कंचन में बदल दिया है। सरकार ने युवाओं को ऋण देने की व्यवस्था करके 1.25 लाख से ज्यादा युवाओं को करोड़ों का ऋण वितरित किया गया है। यूपी का हर जिला रोजगार युक्त होगा और प्रत्येक वर्ष युवाओं को ब्याज और गारंटी मुक्त लोन देने की एक व्यवस्था बनी है।

आयोजन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बधाई संदेश पढ़ा। पीएम ने पत्र में लिखा है कि आज उत्तर प्रदेश वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर है। एक वक्त ऐसा भी था जब दशकों तक प्रोजेक्ट लटके रहते थे। ऐसे में प्रदेश के लोगों का आत्मविश्वास हिल चुका था, लेकिन आज भाजपा की सरकार में पुराने प्रोजेक्ट पूरे किए जा रहे हैं। नए प्रोजेक्ट भी धरातल पर उतर रहे हैं। उन्होंने यूपी वासियों को यूपी स्थापना दिवस की शुभकामना भी दी।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, 2018 में हमने पहला यूपी दिवस मनाया था। अब मिलेट सामग्री के व्यंजन बनाए जाएंगे। स्थानीय उत्पाद की जियो टैगिंग करके उसकी पैकेजिंग, ब्रांडिंग के साथ वैश्विक मांग को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा, आज यूपी दिवस पर हम संकल्प लेते हैं कि यहां से गरीबी को उखाड़ फेंकेंगे, जैसे गुंडों को राज्य से खदेड़ा है। पीएम के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश शून्य से शिखर तक पहुंचा है। डबल इंजन की सरकार के साथ उत्तर प्रदेश विकास पथ पर तेज गति से आगे बढ़ रहा है।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा,  उत्तर प्रदेश दंगा और माफिया मुक्त प्रदेश बना है। 2014 में अमित शाह के प्रभारी बनने के साथ ही 73 सीट जीतकर इतिहास रचा था।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा, धारा 370 के आर्किटेक्ट, नक्सलवाद खत्म करने वाले गृहमंत्री अमित शाह का यूपी में स्वागत है। आज का दिन मात्र एक तिथि नहीं बल्कि यूपी की पहचान का अवसर है। उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बड़ा राज्य होने के साथ, देश को गति देने वाला राज्य भी है। सीएम के नेतृत्व में एक पिछड़ा राज्य विकास और विरासत का राज्य बन कर उभरा है। उत्तर प्रदेश आज निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। आज यूपी आगे बढ़ रहा है और अपना भविष्य गढ़ रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *