उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के लिए नववर्ष 2026 कई उम्मीदों और विस्मयकारी परिवर्तनों का वर्ष साबित होगा। युवाओं को लाखों सरकारी नौकरियों के साथ – साथ सुरक्षा व स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं तो प्रदेश को वैश्विक निवेश, गंगा एक्सप्रेसवे, जेवर एयरपोर्ट, जैसी सौगातें मिलेंगी। इससे प्रदेश के आर्थिक विकास को गति तो मिलेगी ही, साथ ही आम जनजीवन भी सुविधाजनक बन जाएगा।
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2026 में पुलिस विभाग सहित हजारों विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग, आवास विकास और कारागार सहित हजारों रिक्त पदों को भरा जायेगा। जेवर में जल्द ही देश के सबसे बड़े 3300 एकड़ में बने अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने की उम्मीद है। 7000 करोड़ रुपए की लागत से बना यह एयरपोर्ट एक रनवे के साथ शुरू किया जाएगा। भविष्य में इस एयरपोर्ट की क्षमता सालाना एक करोड़ यात्रियों की होगी और हर दिन तकरीबन 150 उड़ानें संचालित की जाएंगी।
इस साल राज्य की सबसे लंबी और महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना गंगा एक्सप्रेसवे शुरू होगा। यह एक्सप्रेसवे न केवल यात्रा का समय घटाएगा, बल्कि राज्य के आर्थिक विकास की रफ्तार भी बढ़ाएगा। गंगा एक्सप्रेसवे करीब 594 किमी लंबा है, जो मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा। यह एक्सप्रेसवे राज्य के 12 जिलों और 518 गांवों से गुजरेगा। साल 2026 की शुरुआत में ही सरकार पांचवीं ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी की तैयारी में हैं। इसके जरिए 5 लाख करोड़ से ज्यादा की निवेश परियोजनाएं जमीन पर उतारी जाएंगी। सरकार ने दोनों कार्यकाल में अब तक चार ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के जरिए 15 लाख करोड़ से अधिक की औद्योगिक परियोजनाएं धरातल पर उतारी हैं। इसके जरिए सरकार ने 60 लाख से ज्यादा युवाओं को नौकरी और अन्य रोजगार प्रदान किए हैं।
योगी सरकार साल 2026 में एक और वैश्विक निवेशक सम्मेलन आयोजित कराने पर विचार कर रही है। साल 2023 में हुए आयोजन के उत्साहवर्धक निवेश प्रस्तावों को देखते हुए 2026 इस आयोजन के और अधिक भव्य होने की संभावना जताई जा रही है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को गति देने के लिए ऑनलाइन सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम का अगला संस्करण निवेश मित्र 3.0 वर्ष 2026 में सबके सामने होगा। इसमें कई नवाचारों को जोड़ा जाएगा, ताकि यह अधिक निवेशक हितैषी हो सके।
