उत्तराखंड: सोमवार को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में उत्तराखंड स्वर्णकार संघ जिला एवं प्रदेश व दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में भारत सरकार की स्कीम के तहत बने एमएसएमई के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में सम्मान समारोह के साथ ही जिला स्वर्णकार संघ की नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों और संस्था के पदाधिकारी व प्रतिनिधियों द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात् बच्चों द्वारा श्री गणेश वंदना प्रस्तुत की जिसे देख – सुन कर सभी उपस्थित गणमान्य मंत्र मुग्ध हो गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का स्वागत उत्तराखंड स्वर्णकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ कोहली द्वारा पुष्प गुच्छ भेंट कर किया गया। इसके उपरांत विशिष्ट अतिथियों में महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक खजान दास, राज्य मंत्री विश्वास डाबर, पृथ्वीराज चौहान, विजय बग्गा, प्रीतम पवार, विधायक श्रीमती सविता कपूर, पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा, अशोक वर्मा आदि का स्वागत संस्था के पदाधिकारी व प्रतिनिधियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा उत्तराखंड स्वर्णकार संघ, प्रदेश एवं जिला स्वर्णकार संघ व दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल की वेबसाइट का शुभारंभ किया गया। इस वेबसाइट के माध्यम से जनपद के साथ ही प्रदेश व देश के हजारों लाखों व्यापारियों का व्यवसाय कार्य निष्पादन सुविधाजनक हो जाने पर विश्वास जताया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा एमएसएमई के प्रशिक्षणार्थियों को गोल्ड एप्रेसल के प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत और सम्मान किया गया। स्वर्णकारों , व्यापारी बंधुओं एवं समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। विभिन्न जिलों से आए स्वर्णकार पदाधिकारियों को भी प्रतीक चिन्ह सम्मान भेंट किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुबोध उनियाल ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्णकारों ने अपनी शिल्पकारी से हमेशा ही धर्म और समाज में विशेष योगदान दिया है। देश की प्रगति में इस वर्ग की विशेष भागीदारी रहती है जिसे नजरंदाज नहीं जा सकता। स्वर्णकार संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ कोहली ने अपने संबोधन में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनसे संगठन हित में कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।
दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज मैसोन ने अपने संबोधन में प्रदेश के मुखिया सीएम पुष्कर सिंह धामी से स्वर्ण कला बोर्ड के गठन की मांग की।



कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों की सहमति से जिला एवं प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार किया गया ताकि संगठन भविष्य में अधिक बेहतर प्रकार से कार्य कर सके।
