उत्तराखंड: उत्तराखंड के लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश जारी किए हैं। हरिद्वार में सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक करते हुए उन्होंने कहा कि सड़कों का निर्माण कार्य शीघ्र एवं गुणवत्ता युक्त करने के लिए तकनीक का इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि उनके अधीन जो भी सड़क निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, उन कार्यों को समय बद्धता एवं गुणवत्ता के साथ नवीनतम तकनीक का प्रयोग करते हुए किया जाए।
सतपाल महाराज ने कहा, सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए जो भी पैचवर्क कार्य किए जा रहे हैं, उन्हें शीर्ष प्राथमिकता से किया जाए, ताकि आवागमन में किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर अनिवार्य रूप से साइन बोर्ड लगाए जाएं। जिन सड़कों का निर्माण कार्य पूरा हो गया है, उन सड़कों पर वाहनों के संचालन हेतु परिवहन विभाग से स्वीकृति प्राप्त कर ली जाए।
बैठक में लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि देहरादून के सुद्धोवाला से लेकर मसूरी तक वैकल्पिक रोड कनेक्टविटी के लिए डीपीआर तैयार कर ली गई है, साथ ही अलाइनमेंट का कार्य भी पूर्ण हो चुका है। उन्होंने कहा कि सड़कों में पैचवर्क से संबंधित जो भी शिकायतें दर्ज की गई थीं, जिनमें से अधिकतर शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव, प्रमुख अभियंता, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता हरिद्वार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
लोक निर्माण विभाग मंत्री सतपाल महाराज ने बैठक के पश्चात मीडिया से वार्ता की। उन्होंने बताया कि सुप्रसिद्ध कैंची धाम मंदिर में लगने वाले जाम से जल्द निजात मिलेगी, इसके लिए कैंची धाम बाईपास मार्ग के कार्य को स्वीकृति मिल गई है। इसी वर्ष जून तक वैली ब्रिज तैयार कर यातायात डायवर्ट कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सिंगटाली पुल निर्माण के लिए वन विभाग से अनुमति मिलने के बाद शीघ्र ही पुल का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगले वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेले को दिव्य एवं भव्य रूप से मनाया जाएगा।
