भारतीय कुश्ती की सनसनी विनेश फोगाट ने अपने संन्यास के फैसले को पलट दिया है। पेरिस ओलंपिक 2024 में वजन विवाद के कारण निराश होकर लिया गया यह फैसला अब इतिहास बन चुका है। विनेश ने शुक्रवार को एक भावुक प्रेस कॉन्फ्रेंस में घोषणा की कि वे 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में वापसी करेंगी और देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने का सपना पूरा करेंगी।
विनेश ने कहा कि पेरिस का आघात बड़ा था, लेकिन देशवासियों का प्यार और समर्थन मेरी ताकत बना। मैंने हार नहीं मानी, बल्कि नई चुनौतियों के लिए खुद को तैयार किया। मैं संन्यास वापस ले रही हूं और अब 2028 के लिए पूरी क्षमता से तैयारी करूंगी ।
पेरिस ओलंपिक 2024 में 50 किलोग्राम वर्ग में फाइनल तक पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनीं विनेश को फाइनल से ठीक पहले वजन 100 ग्राम अधिक होने के कारण अयोग्य करार दिया गया था। इस घटना ने न सिर्फ उनके मनोबल को तोड़ा, बल्कि इससे पूरा देश स्तब्ध रह गया था। कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट ने भी उनकी अपील खारिज कर दी, जिसके बाद 8 अगस्त 2024 को उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिखकर संन्यास की घोषणा कर दी थी।
