महाराष्ट्र: महाराष्ट्र में नगर निकाय चुनावों को लेकर तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। बीएमसी के साथ 29 नगर निगमों के लिए 15 जनवरी को मतदान किया जाएगा। महराष्ट्र में कुल 29 नगर निगम हैं। इसमें से बीएमसी या बृहन्मुंबई नगर निगम सबसे बड़ा नगर निगम है। बीएमसी की कुल 227 वार्डों में एक करोड़ से अधिक मतदाता हैं। बृहन्मुंबई नगर निगम सहित 29 नगर निगमों में यह चुनाव तीन साल के देरी से हो रहे हैं। राज्य चुनाव आयोग लगातार चुनावों की तैयारियों पर नजर बनाए हुए है। सभी पार्टियों के मध्य गठबंधन, सीटें और उम्मीदवार आदि तय हो चुके हैं।
महाराष्ट्र में बीएमसी सहित 29 नगर निगमों के चुनाव 15 जनवरी, 2026 को एक ही चरण में कराए जाएंगे। मतदाता आसानी से अपने मत का उपयोग कर पाएं इसके लिए इस दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। ग्रेटर मुंबई के सभी पोलिंग स्टेशनों पर सुबह 7.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक वोटिंग की जाएगी। चुनाव के सभी नतीजे 16 जनवरी, 2025 को घोषित किए जाएंगे।
बता दें कि इस चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 23 दिसंबर 2025 से आरम्भ कर दी गई थी और नामांकन के लिए अंतिम तिथि 30 दिसंबर रखी गई थी। जिन उम्मीदवारों ने नामांकन कर दिया था, लेकिन किसी वजह से नाम वापस लेना हो तो उसकी तारीख 02 जनवरी 2026 निर्धारित की गई थी। 03 जनवरी को चुनावी मैदान में उतरे उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी की गई थी। मतदान 15 जनवरी 2026 को होगा तथा परिणामों की घोषणा 16 जनवरी 2025 को की जाएगी।
अगर सत्तारूढ़ पार्टी पर नज़र डालें तो इसमें भाजपा-शिव सेना (एकनाथ शिंदे) सम्मिलित हैं और इस गंठबंधन का नाम आरपीआई महायुति गठबंधन है। बीएमसी के लिए महायुति के घटक दल भाजपा 137 और शिव सेना 90 सीटों पर चुनावी मैदान में है। इसके साथ ही महायुति की तीसरी सहयोगी एनसीपी ने अकेले चुनाव लड़ने का एलान करते हुए 94 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
दूसरे गठबंधन से कांग्रेस के 143 उम्मीदवार मैदान में हैं। बीएमसी में कांग्रेस का साथ पूर्व सांसद प्रकाश अंबेडकर के नेतृत्व वाली वंचित बहुजन अघाड़ी दे रही है। वीबीए ने 42 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारें हैं। कांग्रेस की एक और सहयोगी राष्ट्रीय समाज पक्ष छह सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
तीसरा गठबंधन शिवसेना (उद्धव ठाकरे), एनसीपी (शरद पवार) और मनसे (राज ठाकरे) का है। शिवसेना के पास 150 से ज्यादा सीटें हैं, एनसीपी के पास 11 और राज ठाकरे की पार्टी बची हुई शेष अन्य सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
