नई दिल्ली – एनसीआर: राजधानी दिल्ली के साथ ही एनसीआर में एक बार फिर घना कोहरा परेशानी का सबब बनेगा। मौसम विभाग ने मौसम को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया है। अनुमान के अनुसार राजधानी और आसपास रविवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह के समय कुछ क्षेत्रों में हल्का तो कुछ जगहों पर घना कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में इस हफ्ते अधिकतर दिनों में बादल छाए रहने की संभावना है।
हालांकि, राजधानी में कल तेज धूप निकली थी, जिससे लोगों ने ठंड से राहत महसूस की थी। जबकि सुबह और शाम के वक्त लोगों ने सर्दी की सिहरन महसूस की।
मौसम विभाग ने 28 और 29 दिसंबर के लिए राजधानी में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। सोमवार को भी राजधानी के साथ एनसीआर के इलाके में लगभग ऐसा ही मौसम देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने 29 और 30 दिसंबर को दिल्ली में सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अंदेशा जताया है। 29 दिसंबर को दिल्ली में आंशिक रूप से हल्के बादल भी नजर आने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में दिल्ली में 10-15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना भी जताई है, जिससे वायु प्रदूषण में कुछ कमी देखने को मिल सकती है। इसके बाद साल के अंतिम दिन और पहली और दूसरी जनवरी को दिल्ली के साथ ही एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाने और सुबह के वक्त मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है।
