उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में अशोक लीलैंड के इलेक्ट्रिक वाहन के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्धाटन किया। इस अवसर पर भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी भी उपस्थित रहे। सीएम योगी ने फैक्ट्री का उद्घाटन करने के बाद ई-बस की सवारी भी की। फैक्ट्री को सरोजनी नगर इलाके में करीब 70 एकड़ में स्थापित किया गया है, जहां पर ई-बस, ई-ट्रेवलर और ई-लोडिंग वाहनों का निर्माण किया जाएगा।

इस कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण अवसर है जिसके लिए हिंदुजा परिवार बधाई का पात्र है। यह निवेश बताता है कि यूपी में पिछले आठ वर्षों में परिवर्तन आया है जिसकी वजह से प्रदेश के प्रत्येक जिले में निवेश किया जा रहा है। यह निवेश दर्शाता है कि यूपी पिछले आठ वर्षों में असीमित क्षमताओं को परिणाम में बदलने वाला प्रदेश बन कर उभरा है। उत्तर प्रदेश आज निवेशकों की पहली पसंद बन चुका है।

आज उत्तर प्रदेश देश के साथ – साथ दुनिया भर के निवेशकों का पसंदीदा स्थल बन गया है। यही वजह है कि यूपी में निवेश के लिए 45 लाख करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। प्रदेश में बीते आठ वर्षों में इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में काम हुआ है जिसकी वजह से आज देश के 50 फीसदी से अधिक एक्सप्रेस वे यूपी में हैं। प्रदेश में रैपिड रेल बनाई जा रही है। आज प्रदेश में 17 हजार से ज्यादा स्टार्टअप काम कर रहे हैं।

इस अवसर पर भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि यह न सिर्फ प्रदेश के लिए बल्कि समूचे देश के लिए आत्मनिर्भर भारत और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की दिशा में बड़ा कदम है। यह भारत के कार्बन उत्सर्जन को कम करने की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस मौके पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि योगी जी जिस तरह से यूपी को चला रहे हैं, उससे प्रदेश की रेटिंग एक्सीलेंट बनती जा रही है। अशोक लीलैंड कंपनी की इस ईवी फैक्टरी का उद्घाटन प्रदेश के औद्योगिकरण की दिशा में मील का पत्थर है। उन्होंने कहा कि मैं लखनऊ से सांसद जरूर हूं पर अगर मैं लखनऊ का न भी होता तब भी यह शहर मुझे उतना ही प्रिय होता जितना कि आज है ।

रक्षा मंत्री ने कहा कि जिस यूपी को कभी खराब कानून व्यवस्था और दंगों से जोड़कर देखा जाता था, उसने अब निवेश के क्षेत्र में अपनी पहचान बना ली है। प्रदेश में निवेशकों के आने से यहां के युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध हो पाएंगे। उन्होंने कहा कि अब यूपी में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण किया जा रहा है। आज का भारत एक कमजोर देश नहीं बल्कि अपने हथियारों का स्वयं निर्माण करने वाला बन रहा है और इस कार्य में यूपी बढ़-चढ़कर अपनी भूमिका निभा रहा है। प्रदेश में कानून व्यवस्था के क्षेत्र में जिस तरह सुधार हुआ है वो अपने आप में एक मिसाल है, और इसके लिए मैं योगी आदित्यनाथ को बहुत बधाई देता हूं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *