नई दिल्ली : रविवार को गुजरात के अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात को पांच विकेट से हराकर खिताबी मुकाबला अपने नाम कर लिया। इससे पहले टीम ने 2025 में पंजाब किंग्स को हराकर अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी जीती थी।
रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात की टीम ने वाशिंगटन सुंदर की अर्धशतकीय पारी की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 155 रन का स्कोर बनाया। इसके जवाब में आरसीबी ने विराट कोहली की शानदार नाबाद अर्धशतकीय पारी की मदद से 18 ओवर में पांच विकेट पर 161 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
पिछले सीजन में पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार चैंपियन बनी आरसीबी की टीम ने इस बार खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए नया इतिहास रच दिया।
रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर कुल 155 रन बनाए। गुजरात के लिए वाशिंगटन सुंदर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद अर्धशतक जड़ा और टीम के स्कोर को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया। 156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत ठीक रही। अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने जिम्मेदारी भरी पारी खेल कर अर्धशतक लगाया और टीम की जीत की नींव रख दी। आरसीबी की टीम ने 18 ओवर में पांच विकेट खोकर 161 रन बना लिए और खिताबी मुकाबला अपने नाम कर लिया।
आरसीबी ने विगत वर्ष 2025 में अपना पहला आईपीएल खिताब जीतकर 18 साल के इंतजार को समाप्त किया था और इसके बाद 2026 में निरंतर दूसरी बार ट्रॉफी जीतकर टीम ने अपनी बादशाहत कायम रखी। आईपीएल इतिहास में यह आरसीबी का दूसरा खिताब है।
विदित हो कि आरसीबी की टीम ने आईपीएल के इतिहास में कुल पांचवीं बार फाइनल में जगह बनाई थी। इससे पहले टीम 2009, 2011, 2016 और 2025 में फाइनल तक पहुंची थी। हालांकि 2009, 2011 और 2016 में उसे हार का सामना करना पड़ा था। 2025 में पहली बार चैंपियन बनने के पश्चात टीम ने 2026 में भी खिताब जीतकर अपने सुनहरे दौर को आगे बढ़ाया है।
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के लिए उतरी आरसीबी की टीम को वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली ने तेज शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 4.3 ओवर में 62 रन की साझेदारी कायम की। अय्यर 16 गेंदों पर दो छक्कों और चार चौकों की सहायता से 32 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद देवदत्त पड्डिकल (1 रन), कप्तान रजत पाटीदार (15 रन) और क्रुणाल पांड्या (1 रन) के विकेट भी कुछ की रनों के अंतराल पर गिर गए। 62 रन एक विकेट पर बनाने वाली आरसीबी ने 89 रन के स्कोर तक पहुंचते – पहुंचते अपने चार विकेट गंवा दिए थे।
विराट कोहली एक छोर पर मुकाबला संभाले रहे। चौथे विकेट के लिए कोहली ने टिम डेविड के साथ 41 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। डेविड 17 गेंदों पर 24 रन की अहम पारी खेलकर आउट हो गए लेकिन विराट कोहली क्रीज पर जमे रहे। 25 गेंदों पर विराट ने अपना अर्धशतक पूरा किया। यह विराट का आईपीएल में अब तक का सबसे तेज अर्धशतक था।
विराट ने 42 गेंदों पर तीन छक्कों और नौ चौकों की मदद से नाबाद 75 रन की पारी खेलकर आरसीबी को पांच विकेट से जीत दिला दी और अपनी टीम को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने में निर्णायक भूमिका निभाई। कोहली ने 18वें वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर ट्रॉफी आरसीबी की झोली में डाल दी। कोहली के साथ जितेश शर्मा 14 गेंदों पर 11 रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर मात्र 155 रन ही बना सकी थी। पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले गुजरात की टीम के सलामी बल्लेबाज कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन इस अहम मुकाबले में अपना जलवा दिखाने में नाकाम रहे। सुदर्शन 12 और गिल 10 रन बनाकर चलते बने।
गुजरात की तरफ से वाशिंगटन सुंदर एकमात्र सफल बल्लेबाज रहे जिन्होंने 37 गेंदों पर 50 रन की नाबाद पारी खेली। उनके अलावा टीम के अन्य बल्लेबाज कुछ खास अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। निशांत सिंधू 20, जोस बटलर 19, और अरशद खान 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। आरसीबी के गेंदबाजों ने बेहतरीन और सधी हुई गेंदबाजी की जिससे गुजरात के बल्लेबाजों को कभी खुलकर खेलने का मौका नहीं मिल सका।
रसिख सलाम डार ने चार ओवर में 27 रन देकर सर्वाधिक तीन विकेट हासिल किए। जोश हेजलवुड ने चार ओवर में 37 रन देकर दो, भुवनेश्वर कुमार ने चार ओवर में 29 रन देकर दो, और क्रुणाल पांड्या ने चार ओवर में 23 रन देकर एक विकेट अपने नाम किए।
