पंजाब/ अमृतसर

पठानमाजरा और जोड़ामाजरा के इस्तीफे के बाद आम आदमी पार्टी में हलचल तेज: कांग्रेस का बड़ा दावा

भ्रष्टाचार, नशा और फिरौती से त्रस्त पंजाब; जनता सिखाएगी सबक: डॉ. वेरका का तीखा हमला

भगवंत मान सरकार के खिलाफ पनपा गहरा असंतोष, घोषित प्रत्याशियों में भी पार्टी छोड़ने की होड़

डॉ. राजकुमार वेरका का आम आदमी पार्टी पर करारा हमला, कहा— ‘आप’ में मची भगदड़, 30 से ज्यादा विधायक छोड़ेंगे साथ


पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. राजकुमार वेरका ने आम आदमी पार्टी (AAP) और भगवंत मान सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के दो मौजूदा विधायकों—हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जोड़ामाजरा के इस्तीफे के बाद पार्टी के अंदर भारी उथल-पुथल मची हुई है।

डॉ. वेरका ने चुटकी लेते हुए कहा कि आज आम आदमी पार्टी में हर तरफ ‘माजरा’ ही ‘माजरा’ नजर आ रहा है—कहीं भ्रष्टाचार का माजरा, कहीं नशे का माजरा तो कहीं मुख्यमंत्री के परिवार और दिल्ली से आए एजेंटों की कथित लूट का माजरा।

डॉ. वेरका ने दावा किया कि उनके पास पुख्ता जानकारी है कि आने वाले दिनों में आम आदमी पार्टी के 30 से अधिक मौजूदा विधायक पार्टी को अलविदा कहने जा रहे हैं।

डॉ राजकुमार वेरका

उन्होंने कहा कि पंजाब में जिस तरह से कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है, सरेआम फिरौतियां मांगी जा रही हैं और नशा लगातार नौजवानों को अपनी चपेट में ले रहा है, उससे आम जनता के साथ-साथ सत्ता पक्ष के विधायक भी खुद को असहज महसूस कर रहे हैं। मौजूदा विधायकों को अच्छी तरह समझ आ चुका है कि जनता के बीच उनका भारी विरोध है और अगले चुनाव में उनकी जमानतें जब्त होना तय है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि राज्य में सत्ता का दुरुपयोग कर पंजाब को बेरहमी से लूटा जा रहा है। दिल्ली के नेताओं की कठपुतली बनकर काम कर रही सरकार के कारण विधायकों के पास अपने क्षेत्रों में मुंह दिखाने की जगह नहीं बची है। विधायकों में यह भय भी बैठ गया है कि मौजूदा शासन में हुए भ्रष्टाचार, घोटालों और गैर-कानूनी गतिविधियों की जांच जब आने वाली अगली सरकार करेगी, तो उनकी जवाबदेही तय होगी। यही कारण है कि वे समय रहते आम आदमी पार्टी से दूरी बनाकर खुद को सुरक्षित करने की होड़ में लगे हैं।

पार्टी द्वारा हाल ही में घोषित की गई 40 सीटों की सूची पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. वेरका ने कहा कि स्थिति इतनी विकट हो चुकी है कि जिन लोगों को टिकट दिया गया है, उनमें से भी कई लोग चुनाव मैदान से पीछे हटने और पार्टी छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम आदमी पार्टी अब पूरी तरह “भागने वाली पार्टी” बन चुकी है और पंजाब की राजनीतिक जमीन पर अब इसके लिए कोई जगह नहीं बची है। जनता अब बदलाव के मूड में है और आगामी चुनाव में इस नाकाम सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने का मन बना चुकी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *