पंजाब: पंजाब में गैंगस्टर्स के खिलाफ अब आर-पार की लड़ाई प्रारंभ हो चुकी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ लॉन्च कर विदेश में बैठे गैंगस्टरों के नेटवर्क पर एक साथ हमला बोल दिया है। 72 घंटे के इस मेगा ऑपरेशन में 2000 से ज्यादा पुलिस टीमें मैदान में हैं और सैकड़ों ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव ने भी गैंगस्टर्स के खिलाफ निर्णायक युद्ध करने का एलान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने 72 घंटे का ऑपरेशन प्रहार लॉन्च किया है, जिसके तहत पूरे राज्य में गैंगस्टर्स और उनके साथियों एवं सहयोगियों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस ऑपरेशन के जरिए गैंगस्टर्स के नेटवर्क को पूरी तरह से तबाह कर दिया जाएगा।
पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि गैंगस्टर्स का सफाया करने के लिए 2000 पुलिस टीमों का गठन किया गया है जिसमें 12000 पुलिस कर्मियों को शामिल किया गया है। पंजाब पुलिस द्वारा विश्व के किसी भी हिस्से में स्थित गैंगस्टर्स के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। डीजीपी ने गुमराह हुए नौजवानों से कहा कि वह गुनाह का मार्ग छोड़कर राष्ट्र की मुख्यधारा में शामिल हो जाएं। अभी उन्हें अवसर प्रदान किया जा रहा है लेकिन आज के बाद उनके साथ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।
डीजीपी ने कहा कि पंजाब को जिस तरह से नशा मुक्त बनाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास चल रहा है, उसी तरह से आज से पंजाब को पेशेवर अपराधियों और गैंगस्टर्स पर भी प्रहार किया जाएगा। विदेश में बैठे गैंगस्टर्स पर और पंजाब में रह रहे उनके मददगार रिश्तेदारों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
पंजाब सरकार की संगठित अपराध के खिलाफ यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। राज्यव्यापी अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पंजाब पुलिस द्वारा विदेश में बैठे गैंगस्टर्स के पूरे इकोसिस्टम को तोड़ने के लिए एक साथ कई जिलों में छापेमारी की जा रही है। इस ऑपरेशन में शामिल पुलिस टीमें 60 विदेशी गैंगस्टरों से जुड़े ठिकानों पर भी कार्रवाई कर रही हैं।
