पंजाब/ अमृतसर

संवाददाता : अनिल सौदा

पंजाब के अमृतसर में एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल द्वारा गठित की गई पुलिस टीमों द्वारा उनकी अगुवाई में नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चलाए गए। इस अभियान के दौरान लगातार कई बड़ी बरामदगी की गईं।

घरिंडा पुलिस स्टेशन क्षेत्र (29 अक्टूबर): पुलिस ने घेराबंदी के दौरान चंबा, तरन तारन निवासी बलविंदर सिंह और उसके 19 वर्षीय साथी नवसुमित को गिरफ्तार किया और उनके पास से 10 किलो हेरोइन बरामद की। आरोपी बलविंदर के खिलाफ 2014 से एनडीपीएस अधिनियम के तहत आठ से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

घरिंडा क्षेत्र में आगे की कार्रवाई: आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने राज कुमार उर्फ संजू और करनदीप उर्फ करण को गिरफ्तार किया और उनके पास से एक किलो हेरोइन बरामद की।

घरिंदा में तीसरी ज़ब्ती (3 नवंबर): तकनीकी और गोपनीय सूचना के आधार पर, तरन तारन निवासी गुरबख्श सिंह और बिक्रमजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 10 किलो 18 ग्राम हेरोइन जब्त की गई। 

लोपोके थाना क्षेत्र: पुलिस ने लोधी गुर्जर निवासी सुखमनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया, जोकि एक पुराने मामले में वांछित आरोपी था। उसके ठिकाने से 13 किलो हेरोइन, एक पिस्तौल और दो मैगज़ीन बरामद की गईं। कोट खालसा से तीन युवक गिरफ्तार किए गए जिनके पास से दो इजरायली उजी बंदूकें और दो हथगोले बरामद किए गए।


इस अभियान की जानकारी देते हुए आईजी भुल्लर द्वारा बताया गया कि 4 नवंबर को पुलिस ने एक खतरनाक आतंकवादी और गैंगस्टर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। अमृतसर के कोट खालसा इलाके से तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया, जो फल बाजार में मजदूर के रूप में काम करते थे और विदेशी दलालों के आदेश पर हथियार छुपाने के लिए जिम्मेदार थे। उनके पास से दो इजरायली ‘उजी’ 9 मिमी सब-मशीन गन और दो हथगोले बरामद किए गए।

आईजी ने बताया कि उजी गन एक बेहद घातक, अत्याधुनिक और छोटे आकार का हथियार है जिसकी मारक क्षमता बहुत अधिक है और इसका इस्तेमाल आमतौर पर वीआईपी सुरक्षा में किया जाता है। पंजाब में इस तरह के हथियारों की बरामदगी से स्पष्ट है कि असामाजिक तत्व अपनी मारक क्षमता बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि ब्यास, मेहता और छेहर्ता की हाई-प्रोफाइल हत्या के मामले भी सुलझा लिए गए हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नार्को-आतंक नेटवर्क को नष्ट करने के साथ-साथ अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने जिले में हाल ही में हुई कई बड़ी आपराधिक घटनाओं को भी सुलझा लिया है।

इनमें ब्यास क्षेत्र में अंधाधुंध फायरिंग और दोहरे हत्याकांड का मामला, मेहता में जिम के बाहर हुई गोलीबारी और हत्या के मुख्य हमलावरों की हथियारों सहित गिरफ्तारी और छेहरटा क्षेत्र में हुई हत्या के आरोपी की हथियारों सहित गिरफ्तारी शामिल है।


आईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल, एसपी (डी) रमनदीप सिंह, डीएसपी (डी) गुरिंदरपाल सिंह नागरा, डीएसपी राजसांसी जगबीर सिंह, एसएचओ घरिंदा अमनदीप सिंह और एसएचओ लोपोके जसदीप सिंह सहित पूरी पुलिस टीम की इस कार्रवाई के लिए सराहना की। उन्होंने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *