हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश में शिमला के ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार को इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई और अन्य इलाकों में बारिश हो रही है। शिमला समेत कई स्थानों पर तेज हवाएं भी चल रही हैं। करीब चार महीनों के सूखे के बाद हुई इस बर्फबारी से किसानों और बागवानों के चेहरे पर मुस्कान आ गई है।
ताजा बर्फबारी के चलते ऊपरी शिमला की ओर वाहनों की आवाजाही बाधित होने की सूचना है। कुछ सड़क मार्ग बाधित हो गए हैं और कई इलाकों में बिजली गुल हो गई है। सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है जिसके चलते जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में अनावश्यक रूप से आवाजाही न करने की सलाह जारी की गई है।
ताजा बर्फबारी के बाद हिमाचल प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में शिमला समेत कई स्थानों पर पारा लुढ़क गया है।माैसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 22 और 24 जनवरी को राज्य में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी जताई थी। जबकि 23 जनवरी को राज्य में ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा और बर्फबारी होने की संभावना व्यक्त की थी। साथ ही 23 जनवरी को ऊंचे पहाड़ी इलाकों में कुछ जगहों पर भारी बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट भी जारी किया गया था। ताजा बर्फबारी से कुछ स्थानों पर शीतलहर का अलर्ट भी जारी किया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते माैसम ने करवट बदली है। राज्य में अगले तीन दिन बारिश-बर्फबारी के आसार जताए जा रहे हैं। राज्य में माैजूदा विंटर सीजन में अभी तक सामान्य से 88 फीसदी कम बारिश हुई है और सूखे जैसे हालात बन गए हैं। ऐसे में माैसम विभाग के बारिश-बर्फबारी के पूर्वानुमान से राहत की उम्मीद जागी थी। ताजा बारिश और बर्फबारी से मौसम बदला है जिसे किसानों और बागवानों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है।
