नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फोन पर बातचीत की । बातचीत का मुद्दा भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी की प्रगति पर चर्चा रहा। दोनों नेताओं ने माना कि दो बड़े लोकतांत्रिक देशों के बीच तेज़ी से मजबूत होते संबंध , विश्व की राजनीति में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। बातचीत का मुख्य लक्ष्य रक्षा, ऊर्जा, सुरक्षा और व्यापार जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और बढ़ाना रहा।
मोदी और ट्रंप दोनों ने भारत-अमेरिका की वैश्विक रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करते हुए द्विपक्षीय सहयोग में हो रही निरंतर मजबूती पर संतोष जाहिर किया। दोनों नेताओं ने इस बात पर भी जोर दिया कि व्यापार बढ़ाने के लिए गति बनाए रखना आवश्यक है। दोनों ने यह भी महसूस किया कि आने वाले समय में दोनों देशों को नई तकनीकों, रक्षा और सुरक्षा में आपसी सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता है।
