नोएडा : फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन यानि फोनरवा 2026-28 के चुनाव परिणाम रविवार को घोषित किए गए। चुनाव में योगेंद्र शर्मा व केके जैन पैनल के सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध विजयी घोषित किया गया। सेक्टर 52 स्थित फोनरवा कार्यालय में बैंड-बाजे के साथ चुनाव अधिकारी कर्नल शशिवेद (सेवानिवृत्त) के नेतृत्व में यह घोषणा हुई। इस दौरान सभी विजेता व आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने खुशीजाहिर की। सभी लोग योगेंद्र शर्मा व केके जैन पैनल को बधाइयां दे रहे हैं।
फोनरवा के 25 वर्ष के इतिहास में पहली बार चुनावी प्रक्रिया के तहत 21 सदस्यों की पूरी टीम निर्विरोध चुनी गई है। ऐसा माना जा रहा है कि यह उपलब्धि अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा के नेतृत्व में गत दो वर्षों के कार्यकाल के दौरान उनकी टीम द्वारा किए गए कार्यों का नतीजा है। उनके समक्ष विपक्ष का कोई भी सदस्य चुनाव लड़ने का साहस नहीं जुटा सका। अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा एवं महासचिव केके जैन लगातार चौथी बार इन पदों पर निर्वाचित हुए हैं। उनके अनुसार यह सफलता अनुभवी टीम, आरडब्ल्यूए सदस्यों का समर्थन, नोएडा प्राधिकरण, जिला प्रशासन, नोएडा पुलिस, यूपीपीसीएल व अन्य संबंधित विभागों से मिले सकारात्मक सहयोग से संभव हुई है। दो साल के कार्यकाल में आरडब्ल्यूए एवं निवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए सीईओ, एसीईओ व वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें आयोजित की। इस दौरान पानी की गुणवत्ता और मात्रा में सुधार के लिए फोनरवा ने सुधार के लिए लगातार प्रयास किए।
केके जैन पिछले 20 वर्षों से फोनरवा से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। वह पहले ऐसे महासचिव हैं जो चौथी बार सेक्रेटरी जनरल के पद पर निर्वाचित हुए हैं। इससे पूर्व वे फोनरवा में तीन बार वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा लीगल सेक्रेटरी के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
