फुटबॉल जगत के महान खिलाड़ी लियोनल मेसी ने मंगलवार को गुजरात के जामनगर एयरपोर्ट पर भारत से विदाई ली। इससे पहले मेसी ने अनंत अंबानी के आमंत्रण पर वंतारा वन्यजीव बचाव और संरक्षण केंद्र का दौरा किया। जामनगर, मेसी के GOAT इंडिया टूर 2025 का अंतिम पड़ाव रहा, जिसके साथ उनका बहुप्रतीक्षित भारत दौरा औपचारिक रूप से समाप्त हो गया।

GOAT इंडिया टूर 2025 के दौरान मेसी ने भारत के चार मुख्य शहरों, दिल्ली, मुंबई ,कोलकाता और हैदराबाद का दौरा किया। इस ऐतिहासिक यात्रा का ग्रैंड फिनाले 15 दिसंबर को नई दिल्ली मेंआयोजित किया गया था , जहां भारी संख्या में प्रशंसकों की मौजूदगी ने आयोजन को यादगार बना दिया। यह मेसी का पहला मल्टी-सिटी इंडिया टूर था, जिसने भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह पैदा किया।

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा मिनर्वा मेसी ऑल स्टार्स और सेलेब्रिटी मेसी ऑल स्टार्स के बीच खेला गया एक सेलेब्रिटी फुटबॉल मैच। मैच के बाद मेसी मैदान पर आए और दोनों टीमों के खिलाड़ियों से संक्षिप्त बातचीत की। इसके बाद मेसी ने युवा फुटबॉल खिलाड़ियों के साथ समय बिताया और लुईस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल के साथ पासिंग करते नजर आए, जिसने उभरते खिलाड़ियों के लिए यह पलयादगार बना दिया।


कार्यक्रम का समापन एक भव्य स्टेज सेरेमनी के साथ हुआ, जिसमें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई गणमान्य अतिथि और दिग्गज मौजूद रहे। आईसीसी चेयरमैन जय शाह, डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली और पूर्व भारतीय फुटबॉल कप्तान बाइचुंग भूटिया भी इस मौके पर उपस्थित रहे। जय शाह ने मेसी, सुआरेज और डी पॉल को विशेष रूप से तैयार की गई भारतीय क्रिकेट जर्सी भेंट की, साथ ही  भारतीय दिग्गज क्रिकेटरों का हस्ताक्षरित एक स्मारक क्रिकेट बैट भी मेसी को भेंट किया गया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *