पंजाब/ लुधियाना
संवाददाता : अनिल सौदा
पंजाब के लुधियाना शहर में रविवार दोपहर आत्म पार्क के बाहर एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स यानि AGTF और गैंगस्टरों के बीच हुई मुठभेड़ में दो गैंगस्टरों के मारे जाने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और फॉरेंसिक टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, AGTF टीम को देखकर दोनों आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में AGTF ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से करीब 25 राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई है।
घटना की जानकारी मिलते ही लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह एक जॉइंट ऑपरेशन था और AGTF के पास आरोपियों के संबंध में पहले से इनपुट मौजूद था। दोनों पुलिस टीमों ने मिलकर संयुक्त रूप से मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन के दौरान दोनों आरोपी घटनास्थल पर ही मारे गए। घटनास्थल से तीन 9 एमएम ऑटोमैटिक वेपन बरामद किए गए हैं। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से हथियार व अन्य सामान कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

बरामद हथियार :
– 3 पिस्टल (9 एमएम)
– कई मैगजीन
– कारतूस और अन्य सामान
– फॉरेंसिक टीम ने सैंपल लिए
2016 के मर्डर केस से भी जुड़ा कनेक्शन :
पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा के अनुसार, घटनास्थल का संबंध 2016 में रवि ख्वाज के नामक व्यक्ति की हत्या से भी बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, उसी की याद में वहां ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित किया गया था और आरोपियों का कथित तौर पर वहां कुछ लोगों को निशाना बनाने का इरादा था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों मृतक अमृतसर के रहने वाले बताए जा रहे हैं और विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बल के संपर्क में थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वे उसकी गाड़ी चला रहे थे और कथित टारगेट के बारे में भी उन्हें निर्देश मिले थे। हथियार उपलब्ध कराने में भी डोनी बल की भूमिका होने की बात सामने आई है।