उत्तराखंड: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रसिद्ध झंडे बाजार में दिनांक 21/12 की रात्रि साढ़े बारह बजे करीब एक दुकान में चोरी की वारदात की कोशिश की गई। मध्य रात्रि बाजार की मेले वाली गली में दो लड़के पहनावा बुटीक का ताला तोड़ने का प्रयास करते हुए देखे गए। वह दुकान का एक ताला तोड़ने में तो कामयाब हो गए पर शायद मौके पर किसी राहगीर के आ जाने या किसी के टोके जाने पर वहां से फरार हो गए।
दोनों युवक दुकान का दूसरा ताला तोड़ने की कोशिश नहीं कर पाए, जिससे उनका चोरी का मकसद पूरा नहीं हो सका, और एक बड़ी वारदात होने से बच गई। यह पूरी घटना बाजार में लगे सीसीटीवी में कैप्चर हो गई है। इस घटना से व्यापारियों में रोष है और उन्हें अपने प्रतिष्ठानों की सलामती की चिंता सता रही है।
दून वेली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के युवा महामंत्री दिव्य सेठी ने प्रशासन से बाजारों में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध दिख रहे और बे मकसद घूम रहे व्यक्तियों से रात्रि में पूछताछ होने के साथ उनकी तलाशी ली जानी चाहिए। दिव्य ने कहा कि प्रशासन के सख्त होने पर ही ऐसी वारदातों पर रोक लग सकेगी। उनके अनुसार , यह वारदात तो होने से टल गई लेकिन भविष्य में इस तरह की घटनाओं का भय बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन की ओर से इस मामले में उचित कार्रवाई किए जाने की उम्मीद जताई है।
