उत्तराखंड : उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में आगामी 27 अक्टूबर से शुरू होने जा रहे विधानसभा सत्र की तैयारियों में तेजी आ गई है। सूबे के मुखिया पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी सहित कई कैबिनेट मंत्री, विधायक और अधिकारी गैरसैंण पहुंच चुके हैं।
बता दें कि यह पंचम विधानसभा का वर्ष 2026 का तीसरा सत्र होगा। साथ ही, इसे धामी सरकार का अंतिम विधानसभा सत्र भी माना जा रहा है, इसलिए इस सत्र पर सभी की निगाहें टिकी हैं। सत्र के दौरान सदन में जनहित से जुड़े मुद्दों, विधायकों के सवालों और सरकार के जवाबों पर विशेष नजर रहेगी।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने आगामी सत्र को लेकर उम्मीद जताई है कि सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलेगी और सकारात्मक माहौल में जनहित के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह वर्ष 2026 का तीसरा सत्र है और वर्तमान सरकार का अंतिम सत्र माना जा रहा है।
ऐसे में सभी सदस्यों को अपनी बात मजबूती से रखने का अवसर प्रदान किया जाना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि सदन में विधायक जनता से जुड़े महत्वपूर्ण सवाल और मुद्दे उठाएंगे और उनके सवालों पर सार्थकता के साथ चर्चा की जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने यह भी उम्मीद जताई कि सरकार की ओर से सभी विधायकों को उनके सवालों के उचित और संतोषजनक जवाब दिए जाएंगे। विधानसभा सत्र लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसमें जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र की समस्याओं और जनता से जुड़े मुद्दों को सरकार के समक्ष रखते हैं।
ऐसे में सदन की कार्यवाही के दौरान सवाल-जवाब और विभिन्न विषयों पर होने वाली चर्चा महत्वपूर्ण रहती है। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी सदस्यों से सत्र को सफल बनाने में सहयोग की उम्मीद व्यक्त की और इसके सफल संचालन के लिए उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।
वहीं गैरसैंण पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का गैरसैंण के स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
कर्णप्रयाग और थराली के विधायकों द्वारा फूलों के गुलदस्ते और पारंपरिक पहाड़ी शॉल भेंट कर मुख्यमंत्री की अगवानी की गई। इसके साथ ही प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्य विकास अधिकारी ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया एवं उन्हें सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी प्रदान की।
भराड़ीसैंण की ओर जाते समय मुख्यमंत्री धामी का काफिला जब आदिबद्री क्षेत्र में पहुंचा, तो उन्होंने सुरक्षा प्रोटोकॉल से इतर एक बेहद सहजता से भरा और आत्मीय रूप दिखाया। सीएम ने आदिबद्री की स्थानीय दुकानों पर पहुंचकर दुकानदारों, राहगीरों और बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को दुलारा और उनका कुशलक्षेम जाना और साथ ही स्थानीय जनता से क्षेत्र की समस्याओं व विकास के बारे में बात की।
मुख्यमंत्री के इस सादगी भरे और आत्मीयता पूर्ण व्यवहार से स्थानीय जनता बेहद गदगद नजर आई। मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्थानों पर उमड़े जनसैलाब का अभिवादन स्वीकार किया और जनता से मुलाकात की। उन्होंने असीम स्नेह और आदर के लिए सभी का सहृदय आभार व्यक्त किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐतिहासिक एवं पौराणिक आदिबद्री मंदिर में पहुंचकर भगवान नारायण के दर्शन भी किए। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से उत्तराखंड के समस्त वासियों के लिए सुखद, समृद्ध और निरोगी जीवन की प्रार्थना की। उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड के निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर होते रहने की कामना भी की।