राजस्थान: राजस्थान में जयपुर जिले के चौमू कस्बे में आधी रात को एक मस्जिद से जुड़े विवाद को लेकर सांप्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़क किनारे पड़े पत्थरों को हटाने की कार्रवाई का लोगों ने विरोध किया और कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को आंसू गैस के गोलों का इस्तेमाल करना पड़ा। इसके बाद लाठीचार्ज की कड़ी कार्रवाई के बाद कुछ घंटों में स्थिति पर काबू में किया गया।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम से मस्जिद परिसर के पास सड़क किनारे पड़े पत्थरों को हटाने का कार्य चल रहा था। यह पत्थर लंबे समय से आबादी क्षेत्र में सड़क पर पड़े थे, जिससे यातायात में बाधा उत्पन्न होती थी और अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी। पत्थर हटाने की कार्रवाई पर स्थानीय लोगों ने विरोध जताया जिसके बाद भारी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। विरोध के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए तो हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्वयं मोर्चा संभालते हुए हालात को पर काबू पाया।
घटना के बाद एहतियातन चौमूं बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। शांति व्यवस्था क़ायम रखने के लिए चौमूं क्षेत्र में 26 दिसंबर सुबह 7 बजे से 27 दिसंबर सुबह 7 बजे तक इंटरनेट सेवाओं पर अस्थायी रुप से प्रतिबंध लगा दिया गया है।
