पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गरमाने लगा है। कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घुसपैठ, भ्रष्टाचार समेत कई अन्य मुद्दों पर ममता सरकार का घेरा। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी चुनावी लाभ के लिए बांग्लादेशियों की घुसपैठ को बढ़ावा दे रही हैं।
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं जिसको लेकर राज्य भर में सियासी उठापटक तेज हो गई है। राजनीतिक पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी है और आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी अपने चरम पर पहुंच रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कोलकाता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य की तृणमूल कांग्रेस पार्टी पर जमकर जुबानी हमला किया। सुशासन, घुसपैठ, भ्रष्टाचार जैसे कई मुद्दों पर शाह ने ममता सरकार पर जमकर भड़ास निकाली।
अमित शाह ने कहा कि ममता बनर्जी आगामी चुनाव में लाभ पाने के लिए बांग्लादेशी घुसपैठ को बढ़ावा दे रही हैं। पश्चिम बंगाल सरकार ने हमें जमीन नहीं दी जिसके फलस्वरूप हम बांग्लादेश सीमा की सीमाबंदी पूरी नहीं कर पाए हैं। उन्होंने साल 2026 में बंगाल में भाजपा की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि 2026 के चुनाव में घुसपैठ का मुद्दा निर्णायक साबित होगा।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पिछले 15 साल में टीएमसी सरकार के शासन में राज्य में भय, भ्रष्टाचार और गलत प्रशासन फैला है, जिसके कारण बंगाल में आम नागरिक चिंतित हैं। उन्होंने आगे कहा कि पिछले 14 वर्षों से राज्य में भ्रष्टाचारी सरकार होने से बंगाल का विकास रुक गया है और प्रधानमंत्री मोदी की जनकल्याण योजनाएं यहां भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी हैं। अब डर और भ्रष्टाचार बंगाल की पहचान बन गए हैं।
शाह ने इस बात पर बल दिया कि 2026 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल में बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से बंगाल में भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ रहा है, जो साफ तौर पर चुनावी नतीजों में दिखाई देगा। इस दौरान शाह ने आगे कहा कि 15 अप्रैल 2026 के बाद जब बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी, तो राज्य की संस्कृति और विरासत को पुनर्जीवित किया जाएगा। अमित शाह ने बंगाल को भाजपा के लिए खास बताया क्योंकि पार्टी संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी यहां के बड़े नेता थे।
अमित शाह ने बंगाल की जनता को भरोसा दिया भाजपा सरकार बनते ही राज्य में विकास की रफ्तार में तेजी लाई जाएगी। गरीबों के कल्याण को सर्वोपरि माना जाएगा और घुसपैठ रोकने के लिए नेशनल ग्रिड बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बंगाल में विकास और बदलाव का नया दौर शुरू करना चाहती है।
