हिमाचल प्रदेश: नए साल का स्वागत पहाड़ों पर करने के लिए हजारों की संख्या में सैलानी हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं। शिमला और मनाली में 90 फीसदी तक होटल बुक हो चुके हैं और हिमाचल के पर्यटन स्थल सैलानियों का स्वागत करने के लिए तैयार हैं । ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी और पर्यटन स्थलों पर चल रहे आयोजनों ने नए साल के जश्न में और अधिक आकर्षण पैदा कर दिया है। डलहौजी, कसौली, चायल जैसे सुंदर नगर सैलानियों से पैक हो गए हैं। पर्यटकों को सुविधा प्रदान करने के लिए पूरे प्रदेश में ढाबे और रेस्टोरेंट रात 12 बजे तक खोलने का निर्णय लिया गया है।
नए साल के स्वागत के लिए मंगलवार को बड़ी संख्या में सैलानियों ने शिमला, कुल्लू मनाली, धर्मशाला, चायल और डलहौजी जैसे पर्यटक स्थलों का रुख किया। प्रदेश भर में पिछले सप्ताह से ही पर्यटकों की आमद में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है और ज़्यादातर होटल, होम-स्टे और गेस्ट हाउस लगभग फुल हो चुके हैं।
पर्यटन निगम और निजी होटल प्रबंधन की ओर से सैलानियों को लुभाने के लिए नए साल की पूर्व संध्या पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। करीब – करीब सभी होटलों ने न्यू ईयर पार्टी, लाइव म्यूजिक, डीजे नाइट और बोनफायर जैसी व्यवस्थाएं की हैं। सभी प्रमुख शहरों में देर रात तक चहल-पहल रहने की संभावना है। पर्यटन विभाग के अनुसार, नए साल के पहले सप्ताह तक सैलानियों की संख्या में और बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है। सैलानियों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए प्रशासन ने यातायात, सुरक्षा और आपात सेवाओं को लेकर भी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
न्यू ईयर ईव पर बर्फबारी के पूर्वानुमान से सैलानियों की संख्या में जबरदस्त इजाफा हो रहा है। रोहतांग, कुंजम और शिंकुला दर्रा समेत लाहौल की ऊंची चोटियों में मंगलवार को बर्फबारी हुई। लाहौल के रिहायशी क्षेत्रों में भी बर्फ के फ़ोहे गिरने से तापमान में गिरावट आ गई, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। वहीं नए साल पर अच्छी बर्फबारी की उम्मीद से पर्यटन कारोबारियों और सैलानियों के चेहरे खिल उठे हैं।
