छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय सरकार के दो साल पूरे होने पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ऑडिटोरियम नवा रायपुर में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया। प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में छत्तीसगढ़ शासन ने महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्गों के जीवन में सकारात्मक और ठोस बदलाव लाने की दिशा में ठोस पहल की है। सरकार की इन योजनाओं का लक्ष्य महिलाओं को सम्मान, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाएं छत्तीसगढ़ को एक सुरक्षित, सशक्त और समावेशी राज्य बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं।
मंत्री राजवाड़े ने बताया कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से 70 लाख के करीब महिलाएं प्रत्यक्ष तौर पर लाभान्वित हुई हैं। अब तक 14 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि उनके खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है। इस योजना से लाभ पाकर बड़ी संख्या में महिलाएं अब परिवार की आर्थिक आत्मनिर्भता में सहायक बनकर सार्थक भूमिका निभा रही हैं। साथ ही प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना के अंतर्गत पौने पांच लाख महिलाओं को 235करोड़ रुपए से अधिक की सहायता दी गई है, जिसके फलस्वरूप छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त करने में सफल रहा।
उन्होंने कहा कि राज्य में कुपोषण के विरुद्ध भी निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है। 18 लाख से ज्यादा लोगों को पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसमें महिला स्व सहायता समूह महत्वपूर्ण भागीदारी निभा रहे हैं। महिला सुरक्षा की उपलब्धियों के विषय में बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला और चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से हजारों महिलाओं और बच्चों को तुरंत सहायता प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत हजारों बेटियों के विवाह संपन्न कराए गए हैं।
लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं और बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ पिछड़े वर्ग के उत्थान की योजनाएं छत्तीसगढ़ को एक सुरक्षित और प्रगतिशील राज्य बनाने की दिशा में अग्रसर हैं।
