नई दिल्ली: सोमवार को दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरूआत हंगामे से हुई तो सत्र के दूसरे दिन, मंगलवार को भी सदन की कार्यवाही की शुरुआत आवारा कुत्तों की गिनती के मुद्दे पर जोरदार हंगामे के साथ शुरू हुई।
भाजपा विधायक ने सदन में इस मुद्दे को उठाते हुए आम आदमी पार्टी पर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने मांग रखी कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस मामले में माफी मांगनी चाहिए। सदन में हंगामा और गरमा गरमी को बढ़ता देख विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को आधा घंटे के लिए स्थगित कर दिया। बैठक दोबारा बैठक शुरू होते ही विधानसभा में दोबारा हंगामा होने लगा, जिसपर एक बजे तक के लिए बैठक को स्थगित कर दिया गया।
इस मुद्दे पर दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने पत्र लिखकर अरविंद केजरीवाल पर भ्रामक और तथ्यहीन बयान देने और अफवाह फैलाने का आरोप लगाया। आशीष सूद ने अपने पत्र के जरिए अरविंद केजरीवाल से दिल्ली की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग रखी। केजरीवाल को लिखे पत्र में शिक्षा मंत्री ने कहा, ‘आपने सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया है कि शिक्षकों को आवारा कुत्तों की गिनती से जुड़ी ड्यूटी पर लगाया जा रहा है। ये दावा सरासर गलत होने के साथ तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने जैसा है।
दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान दिल्ली भाजपा विधायकों ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा विधायक हरीश खुराना ने कहा कि हमने कुत्तों को लेकर कोई आदेश पास नहीं किया है। केजरीवाल को ऐसा कहते शर्म आनी चाहिए और उन्हें इसके लिए विधानसभा में माफी मांगनी चाहिए। साथ ही उन्हें दिल्ली की जनता और पूरे देश के शिक्षकों से माफी मांगनी चाहिए।
आम आदमी पार्टी के विधायकों ने राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण के मुद्दे पर दिल्ली विधानसभा परिसर में बीजेपी को घेरा। विरोध प्रदर्शन दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आप नेता आतिशी ने कहा कि भाजपा की दिल्ली सरकार प्रदूषण के मुद्दे पर मुंह छिपा रही है। आज राजधानी की सबसे बड़ी समस्या प्रदूषण है और जब हमारी पार्टी प्रदूषण के मुद्दे पर चर्चा चाहती है, तो भाजपा इस चर्चा से बचने के लिए बहाने तलाश रही है। बीजेपी यह तमाशा इसलिए कर रही है क्योंकि उनके पास कोई जवाब नहीं है। आतिशी ने मांग की कि भाजपा ड्रामेबाजी बंद करे और प्रदूषण के मुद्दे पर तुरंत चर्चा करे।
इससे पहले दिल्ली विधानसभा में सोमवार को आम आदमी पार्टी और सत्ताधारी पार्टी में प्रदूषण को लेकर टकराव हुआ। मास्क पहनकर सदन पहुंचे आप विधायकों की नारेबाजी से उपराज्यपाल के अभिभाषण में बाधा उत्पन्न हुई। इस पर कार्रवाई करते हुए विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने कुछ आप विधायकों को मार्शल आउट कर तीन दिन के लिए निलंबित कर दिया था। इस कार्रवाई के विरोध में आम आदमी पार्टी के अन्य विधायकों ने सदन का बहिष्कार किया।
