कर्नाटक :कर्नाटक के हुबली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हुबली में प्रदर्शन के दौरान भाजपा की एक महिला कार्यकर्ता के साथ कथित बदसलूकी की गई है। आरोप लगाया गया है कि हिरासत के दौरान पुलिस ने महिला के कपड़े फाड़ डाले। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के दौरान महिला कार्यकर्ता पर कथित तौर पर हमला किया गया जिसके बाद माहौल गरमा गया है। आरोप ये भी है कि जब महिला को हिरासत में लिया गया तो उसने आपत्ति जताई जिसके बाद उसके साथ मारपीट भी की गई।

इस घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि महिला कार्यकर्ता एक बस के अंदर मौजूद है और उसे पुरुष और महिला पुलिसकर्मियों ने चारों ओर से घेर रखा है। वीडियो में महिला आपत्ति जताते और विरोध करते हुए दिखाई दे रही है। इसी दौरान कथित तौर पर उसके साथ धक्का-मुक्की की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला कार्यकर्ता की कांग्रेस पार्षद ने शिकायत की थी जिसके आधार पर उसे हिरासत में लिया गया था। यह शिकायत राज्य में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान से जुड़ी है। आरोप लगाया जा रहा है कि उक्त महिला अधिकारियों के साथ मिलकर कुछ मतदाताओं के नाम सूची से हटवाने में मददगार बनी है, जबकि महिला ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कर्नाटक में महिला सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि यदि किसी महिला के कपड़े फाड़े जाएं और पुलिस द्वारा इस तरह से मारपीट की जाए, तो यह  कांग्रेस शासनकाल में महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने इस घटना को शर्मनाक बताया और कहा कि कांग्रेस पार्टी के शासन में महिलाएं अब सुरक्षित नहीं रहीं। इस तरह की घटनाओं की जितनी निंदा की जाए कम है।

ऐसा बताया जा रहा है कि महिला पहले कांग्रेस से जुड़ी हुई थीं और हाल ही में भाजपा में शामिल हुई थीं। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच पहले भी विवाद हो चुका है, जो मंगलवार को खुलकर सामने आ गया। अभी तक पुलिस प्रशासन की तरफ से इस प्रकरण में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है। हालांकि, हिरासत में महिला के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर सवाल उठना लाजमी है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी व्यावहारिक है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *