पंजाब: पंजाब में जिला पंचकूला के हिमशिखा कॉलोनी स्थित संतोषी माता के मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने खुलासा कर दिया है। टीम ने इस वारदात को सुलझाते हुए चोरी में संलिप्त अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से चोरी में प्रयुक्त की गई मोटरसाइकल भी बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। पंचकूला में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर पुलिस द्वारा लगातार सतर्कता बरती जा रही है। टीम का पूरा प्रयास है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न घटित होने पाएं।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार , 06 जनवरी 2026 को थाना पिंजौर में चोरी की इस वारदात की शिकायत दर्ज करवाई गई थी। शिकायत में 05 जनवरी को हिमशिखा कॉलोनी स्थित संतोषी माता मंदिर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम देने की सूचना दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने छानबीन कर आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार इस मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी है, जिसकी सरगर्मी से तलाश कर उसकी भी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। वीरवार को पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
