उत्तर प्रदेश: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार का जीरो टॉलरेंस का वादा नाकाम रहा है। प्रदेश में साइबर व महिला अपराध बढ़े हैं और भ्रष्टाचार भी चरम पर है।
अखिलेश यादव ने कहा कि SIR का जो काम चल रहा है, इसपर किसी भी पार्टी ने विरोध दर्ज नहीं किया। उन्होंने कहा कि PDA समाज का वोट काटने और अपना वोट बढ़ाने की साजिश की जा रही है। सरकार के प्रत्येक बूथ में 200 वोट बढ़ाए जाने वाले मामले से शक और भी ज्यादा पुख्ता हो जाता है। उन्होंने सभी वोटों को आधार से जोड़ने की मांग रखी। साथ ही यूपी में बीएलओ द्वारा बनाए गए आंकड़ों को भी संदेह के घेरे में बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग से मामले में जांच की मांग की जाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट सामने आते ही मेरी आशंकाएं सच साबित होती दिखाई दे रही हैं। मेरा अनुमान है कि करीब तीन करोड़ वोट काटे गए हैं। उन्होंने कहा, प्रक्रिया के दौरान ही खुद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने पहले ही चार करोड़ वोट काटे जाने की बात सार्वजनिक मंचों पर जाहिर कर दी थी। जबकि वोटर लिस्ट अभी आई भी नहीं थी और किसी को यह जानकारी नहीं थी कि कितने वोट हटेंगे । मुख्यमंत्री का अपने नेताओं, कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के मध्य करीब चार करोड़ वोट काटे जाने वाला बयान रिकॉर्ड में है और कई लोगों ने इसे सुना भी है। जब पहले से यह आंकड़ा तय कर लिया गया था, तो यह पूरी प्रक्रिया कितनी निष्पक्ष है, इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को बर्बाद करके रख दिया है। प्रदेश में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गए है, महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। इस सरकार का जीरो टॉलरेंस का वादा जीरो हो गया है। उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार में महिला अपराध और साइबर क्राइम शीर्ष पर पहुंच गया है। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में प्रत्येक दिन महिलाओं के खिलाफ हिंसक वारदातें हो रही हैं। दुष्कर्म की शर्मनाक घटनाएं घटित हो रही हैं। महिला सुरक्षा के खोखले दावे करने वाले मुख्यमंत्री को प्रदेश की जनता 2027 में सत्ता से बाहर का मार्ग दिखा देगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में तमाम तरह के अपराध पनप रहे हैं। जिस कफ सिरप मामले को लोग स्थानीय अपराध समझ रहे थे, वो अब अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्राइम निकल रहा है। उत्तर प्रदेश में माफिया राज समाप्त नहीं हुआ, बल्कि फलफूल रहा है।
