पंजाब/ अमृतसर

संवाददाता  : अनिल सौदा

पंजाब पुलिस ने अमृतसर में एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए 9 गैर-कानूनी पिस्टल और 6.311 किलोग्राम हेरोइन बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने पाकिस्तानी तस्करों के नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इस कार्रवाई से पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को क्राइम में धकेलने की कोशिश कर रहे तस्करी के लिंक को तोड़ दिया है।

अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने ड्रग तस्करी और गैर-कानूनी हथियारों के खिलाफ एक बड़े ऑपरेशन में तीन अलग-अलग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस द्वारा चलाए गए ऑपरेशन के दौरान गैर-कानूनी हथियार और बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद की गई है।



इस मामले में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस कमिश्नर हरमन बीर सिंह गिल ने बताया कि हेरोइन तस्करी मामले में गिरफ्तार महिला एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा थी।

जांच में पता चला कि इस नेटवर्क का मुख्य तस्कर पाकिस्तान में बैठे तस्करों के संपर्क में था और ड्रोन के जरिए बॉर्डर पार से हेरोइन मंगवाकर पंजाब के कई जिलों में सप्लाई करता था।

पुलिस के मुताबिक, हेरोइन की खेप मुख्य तस्कर ने एक नाबालिग के जरिए गिरफ्तार महिला तक पहुंचाई थी। इसके बाद महिला विभिन्न जगहों पर हेरोइन सप्लाई करती थी।

पुलिस को अब तक 6 से 7 कंसाइनमेंट की जानकारी मिली है। मुख्य तस्कर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और उसकी तलाश की जा रही है। दूसरी ओर, अवैध हथियारों के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर 9 पिस्टल बरामद की हैं। गिरफ्तार युवकों की उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में से दो कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी के रहने वाले हैं और मजदूरी करते हैं।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इन युवकों से सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान में बैठे तस्करों ने संपर्क किया था। इन्हें एक जगह से दूसरी जगह कंसाइनमेंट पहुंचाने के लिए 25,000 रुपए देने का लालच दिया गया था। जीपीएस लोकेशन के आधार पर ये युवक हथियारों की खेप उठाकर तय जगहों पर पहुंचा देते थे।

पुलिस का कहना है कि इन हथियारों का इस्तेमाल भविष्य में गोलीबारी, हत्या, हत्या की कोशिश और जबरन वसूली जैसी घटनाओं में किया जाना था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके सभी लिंक चेक कर रही है। पुलिस ने आने वाले समय में कुछ अन्य लोगों की गिरफ्तारियों और उनसे अवैध माल की बरामदगी की संभावना जताई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *