पंजाब/ मलेरकोटला
संवाददाता : अनिल सौदा
दिल्ली के साकेत इलाके में दो महिला पत्रकारों के साथ पुलिस द्वारा कथित तौर पर उनके नाम पूछकर बेरहमी से मारपीट किए जाने की घटना को लेकर पत्रकारों में रोष है। इस घटना के विरोध में पंजाब के मलेरकोटला जिला प्रेस क्लब में एक आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान शहाबुद्दीन ने की।
बैठक के दौरान पत्रकारों ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे प्रेस की स्वतंत्रता पर सीधा हमला करार दिया। पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के साथ इस तरह की कथित ज्यादती किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पत्रकारों ने फैसला लिया कि इस घटना के विरोध में 11 सितंबर को सुबह 11 बजे मलेरकोटला के डीसी कार्यालय के बाहर जोरदार रोष प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही माननीय राष्ट्रपति के नाम एक मांग-पत्र डिप्टी कमिश्नर को सौंपकर दोषी पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।
इस मौके पर जिला प्रधान शहाबुद्दीन, मुंशी फारूक और असलम नाज़ ने कहा कि पत्रकारों के साथ किसी भी तरह की धक्केशाही के खिलाफ पूरा मीडिया जगत एकजुट है। उन्होंने मांग की कि मामले में शामिल पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा।