नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र के सत्य निकेतन के नजदीक एक इमारत भरभराकर ढह गई। इमारत में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। इमारत ढहने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को घटना की सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे बचाव दल ने बिल्डिंग से 06 लोगों को रेस्क्यू किया है। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने स्वयं घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दमकल विभाग को दोपहर तकरीबन एक बजे इमारत गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल टीम द्वारा राहत व बचाव का कार्य किया जा रहा है। अभी तक किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और राहत तथा बचाव कार्य तेजी से किया जा रहा है। विभाग के कई कर्मचारी लगातार मलबा हटाने में जुटे हैं। घटना में घायल हुए कुछ लोगों को मलबे से निकाल कर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जा चुका है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तरफ से घटनास्थल पर कई प्रकार के उपकरण और संसाधन भेज दिए गए। हादसे की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग रेस्क्यू और सपोर्ट यूनिट्स को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया है। दमकल विभाग की टीमें सावधानी से इमारत का मलबा हटाने में जुटी हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मलबे को बहुत सावधानीपूर्वक हटाया जा रहा है, जिससे अंदर फंसे किसी संभावित व्यक्ति को कोई हानि न पहुंचने पाए।
बिल्डिंग गिरने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके से घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। अचानक हुए इस हादसे से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि अभी तक हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं या किसी जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दमकल विभाग के साथ पुलिस की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हुई हैं।
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स पर ट्वीट कर सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि एमसीडी, एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस की टीमें युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों को भी खाली करा लिया है।
सीएम ने कहा कि मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी जा रही है और सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और कुशलक्षेम हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इससे पूर्व पिछले माह दिल्ली के करोल बाग इलाके में एक पुरानी दो मंजिला इमारत का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया था। इस हादसे में मलबे में दबने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी और तीन अन्य मजदूर घायल हो गए थे।
दमकल विभाग की टीम करोल बाग इलाके में दो मंजिला इमारत का हिस्सा गिरने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया था। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुरानी इमारत में मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान इमारत की दूसरी मंजिल का हिस्सा अचानक ढह गया था, जिसमें कई लोग दब गए थे।
इमारत का हिस्सा गिरने के बाद वहां काम कर रहे लोगों में भगदड़ मच गई थी। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया था और कड़ी मशक्कत के पश्चात मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया था।