महाराष्ट्र: महाराष्ट्र में हुए विधानसभा चुनाव के एक वर्ष उपरांत नगर निकाय चुनाव में भी भाजपा ने जीत का सिलसिला क़ायम रखा। महाराष्ट्र की 29 महानगरपालिकाओं के लिए हुए चुनाव में भाजपा ने 23 सीटों पर अपना कब्जा जमा लिया है। वहीं, देश की सबसे समृद्ध बृहन्मुंबई महानगरपालिका यानि बीएमसी में अपना मेयर बनाने का भाजपा का 45 साल पुराना सपना भी अब पूरा हो सकेगा। मुंबई में करीब तीन दशकों से चला आ रहा ठाकरे परिवार का राज अब समाप्त हो गया है।

बीएमसी में भाजपा की जीत को अहम माना जा रहा है क्योंकि इस जीत से 28 साल से चली आ रही ठाकरे परिवार की पकड़ समाप्ति की ओर अग्रसर हो गई है। देश की सबसे अमीर नगर निकाय का नेतृत्व अब भाजपा के हाथ में आ गया है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कुशल नेतृत्व और ट्रिपल इंजन सरकार के दावे को मुंबई वासियों ने खुलकर समर्थन दिया है। ऐसे में बृहन्मुंबई महानगरपालिका की जीत का सेहरा देवेन्द्र फडणवीस के सिर बंध गया है। मुंबई की जीत फडणवीस की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को नए साल का तोहफा माना जा रहा है। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हमने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने इस जीत को भाजपा के विकास के एजेंडे की जीत बताया। उन्होंने कहा कि हम हिंदुत्व में विश्वास करते हैं और हमारा प्रयास आम लोगों के जीवन में बदलाव लाना है। इस अवसर पर फडणवीस ने शिवसेना के संस्थापक दिवंगत बालासाहेब ठाकरे को भी याद किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसे एक बड़ी जीत बताया और इस जीत के लिए महाराष्ट्र की जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों ने एनडीए के सुशासन के एजेंडे को अपना आशीर्वाद दिया है। नतीजे बताते हैं कि एनडीए का महाराष्ट्र के लोगों के साथ रिश्ता और मजबूत हुआ है।

मुंबई में शिवसेना (यूबीटी)  प्रमुख उद्धव ठाकरे और उनके चचेरे भाई राज ठाकरे का एक मंच पर आने का कोई फायदा नहीं हुआ। यहां 227 सदस्यीय सदन में भाजपा महायुति ने बहुमत के लिए जरूरी 114 सीटों का आंकड़ा पार करते हुए 118 सीटों पर जीत हासिल कर ली। भाजपा बीएमसी में 89 सीटों पर जीत हासिल करके सबसे बड़ी पार्टी बनी है जबकि उसकी सहयोगी शिवसेना को 29 सीटें मिलीं हैं। कांग्रेस को 24 सीटों पर जीत हासिल हुई। उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी), राज ठाकरे की मनसे व एनसीपी (शरद पवार) गठबंधन ने 72 सीटें अपने नाम की।  एनसीपी-अजीत को 03 तथा असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एमआईएमआईएम ने 08 सीटों पर सफलता पाई।सपा को दो सीटों पर जीत हासिल हुई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *