उत्तराखंड: उत्तराखंड में हुई बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की वजह से समूचे प्रदेश में जनजीवन प्रभावित हुआ है। उत्तरकाशी जिले में बर्फबारी और सड़कों पर मलबा आ जाने के कारण कई स्थानों पर वाहन फंस गए थे। फंसे हुए वाहनों और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके गंतव्य की ओर रवाना गया है और बंद मार्गों को खोलने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।

शुक्रवार को प्रदेशभर में हुई बारिश और बर्फबारी से कई छोटे-बड़े मार्ग बंद हो गए हैं। इनमें राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्यमार्ग सहित जिला मार्ग भी शामिल हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त सूचना के अनुसार राजधानी देहरादून में सबसे अधिक मार्ग अवरुद्ध हुए हैं। इन मार्गों को खोलने के लिए टीम कार्य कर रही है।

उत्तरकाशी जिले में और ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर बर्फबारी के कारण मार्ग बंद हैं। चमोली जिले में जोशीमठ-औली और पौड़ी में एक राज्यमार्ग बर्फबारी के चलते  यातायात के लिए बंद है, वहीं पिथौरागढ़ जिले में भी कुछ मार्ग बंद हैं।

उत्तरकाशी जिले के अलग – अलग मोटर मार्गों पर बर्फबारी और मलबा आ जाने से फंसे वाहनों व लोगों को प्रशासन ने सुरक्षित निकालकर उनके गंतव्य की तरफ रवाना किया। उत्तरकाशी में बर्फबारी के कारण फंसे लोगों को जेसीबी की सहायता से सुरक्षित निकाला गया। पुरोला – मोरी मोटर मार्ग पर फंसी कई गाड़ियों को सुरक्षित निका मार्ग सुचारु किया गया।

रक्षा भू- सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान ने उच्च हिमालीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और हिमस्खलन की संभावना व्यक्त की है। जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुसार चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग के साथ पिथौरागढ़ जिले को डेंजर जोन की श्रेणी में रखा गया है। इन क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की वजह से हिमस्खलन की घटनाओं की आशंका व्यक्त की गई है। इस आशंका के मद्देनजर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित जिलों की पुलिस, जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी करने और किसी भी घटना की सूचना पर त्वरित राहत व बचाव कार्य अमल में लाए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों, पर्यटकों तथा पर्वतीय मार्गों पर आवागमन करने वाले लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही प्रशासन द्वारा जारी किए गए दिशा – निर्देशों का पालन करने के लिए भी कहा गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *