नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और दिल्ली वासियों को संबोधित भी किया।
इस अवसर पर सीएम रेखा गुप्ता ने एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मैं उन शहीदों को शत शत नमन करती हूं जिन्होंने तिरंगे की मर्यादा की खातिर अपने प्राणों से भी बढ़कर देश को सर्वोपरि रखा दी और हमें यह गणतंत्र, स्वाभिमान और आजादी प्रदान की। संविधान भारत की चेतना है। पिछले 77 वर्षों में भारत का संविधान न्याय, समानता और गरिमा का प्रकाश स्तंभ बनकर हमारा मार्ग दर्शन कर रहा है। संविधान निर्माण से लेकर राष्ट्र निर्माण तक संपन्न हुए सभी कार्यों को देश आज भी स्मरण करता है।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि ग्यारह महीने पहले दिल्ली की कमान संभालने पर हमें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, परन्तु सबसे बड़ी चुनौती वह धूल और रुकावटें थीं जो वर्षों से सिस्टम पर जम गई थीं। हमने इस स्थिति को बदला और दिल्ली को एक नई दिशा देने के लिए कई जरूरी निर्णय लिए हैं। प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत के आधार पर, हमने पिछले ग्यारह महीनों में जनता की भलाई के लिए फैसले लिए हैं। सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों का मकसद नागरिकों के जीवन में असली और सकारात्मक बदलाव लाना है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी से अपने शहर और देश के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसा होने से ही विकसित दिल्ली को गति मिलेगी। आज से हमें यही संकल्प लेकर आगे की ओर बढ़ना है।’
इस अवसर पर दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने कहा कि गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के बच्चे अति उत्साहित हैं। आज यह बदलती हुई दिल्ली, नए भारत की नई दिल्ली को दर्शा रही है। उन्होंने दिल्ली के समस्त नागरिकों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।
