उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को बांके बिहारी के दर पर हाजिरी दर्ज कराई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को मथुरा पहुंचे। उन्होंने वृंदावन के अक्षयपात्र में आयोजित पीएम के मन की बात कार्यक्रम में सम्मिलित होने के पश्चात् बांके बिहारी के दर्शन किए।
दोनों नेताओं ने बांके बिहारी के चरणों में शीश नवाकर विधि- विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर के सेवादारों ने मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष से वैदिक मंत्रोच्चार संग पूजा करवाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नितिन नवीन ने ठाकुरजी के सम्मुख दीपक प्रज्ज्वलित किया और उनके चरणों में पुष्प समर्पित किए। पूजन के दौरान सीएम योगी ने बांके बिहारी से प्रदेश की सुख-समृद्धि और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए याचना की। सीएम और राष्ट्रीय अध्यक्ष को पूजन संपन्न होने के पश्चात मंदिर पट्टीका और प्रसाद भेंट किया गया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने पहली बार यूपी के दौरे पर आए भाजपा अध्यक्ष का ब्रज भूमि पर स्वागत और अभिनंदन किया। इस अवसर पर सीएम योगी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को युवा ऊर्जा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि नवीन बिहार विधानसभा में निरंतर पांचवीं बार विधायक के रूप में सेवाए दे रहे हैं। उन्हें संगठन के कई महत्वपूर्ण पदों का जिम्मेदारी निभाने के पश्चात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नया दायित्व सौंपा है।
सीएम योगी ने कहा कि ब्रज प्राचीन काल से ही तीर्थ भूमि रही है। मथुरा, गोकुल, वृंदावन, बरसाना, गोवर्धन, नंदगांव, बलदेव तीर्थ अनादि काल से सनातन धर्मावलंबियों के लिए प्रेरणास्रोत रहे हैं। यहां के कण-कण में श्रीकृष्ण, राधा रानी और हजारों वर्षों की विरासत का अंश श्रद्धालु आज भी तलाशते हैं।
सीएम योगी ने कहा कि यूपी अब बीमारू राज्य नहीं रहा, बल्कि अब वह भारत की अर्थव्यवस्था का सहारा बन रहा है। पिछले पांच वर्ष से अधिक समय से यूपी रेवेन्यू सरप्लस राज्य के रूप में उभरा है। डबल इंजन सरकार डबल स्पीड के साथ कार्यों को धरातल पर उतार रही है। प्रत्येक नागरिक के मन में सुरक्षा का अहसास जागा है। कल्याणकारी योजनाओं के साथ बिना भेदभाव वंचित, महिलाओं, नौजवान और किसान सहित प्रत्येक तबके को वरीयता के आधार पर शासन की योजनाओं का लाभ मिला है। डबल इंजन सरकार यूपी में विकास की योजनाओं को बिना भेदभाव शहर से गांव तक प्रभावी ढंग से लागू कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी का नौजवान अब पहचान के लिए मोहताज नहीं रहा। एक समय ऐसा भी था, जब यूपी के सामने पहचान का संकट खड़ा किया गया था, लोग यहां की विरासत को कोसते थे। बीमारू राज्य होने की वजह से हमारे बारे में लोगों का दृष्टिकोण अलग था, और हमें अपमान सहना पड़ता था। लेकिन अब उत्तर प्रदेश, देश के विकास के अभियान में जुड़कर विकास कार्य कर रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने पिछले 9 वर्षों में विकास पथ पर आगे बढ़ते हुए नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। सीएम योगी ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रगति को और तीव्र गति से आगे बढ़ाने के लिए यूपी का हर एक कार्यकर्ता भविष्य के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान प्रदान करेगा।
