नई दिल्ली: भीषण सर्दी के बीच दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में आज यानि मंगलवार को बारिश हो रही है जिसने ठंड में इजाफा कर दिया है। मौसम विभाग ने पूर्व में ही मौसम बदलने की चेतावनी जारी कर दी थी और 27 जनवरी के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली-एनसीआर सहित हरियाणा और राजस्थान के कई इलाकों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बिजली चमकने और मध्यम से भारी बारिश की संभावना व्यक्त की थी।
राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड के बीच शुरू हुई बारिश से मौसम का बदला नजारा देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने पहले ही दिल्ली के मौसम में बदलाव की चेतावनी जारी कर दी थी, और 27 जनवरी के लिए बारिश का येलो अलर्ट भी जारी कर दिया था। मंगलवार सुबह की शुरुआत कोहरे और धुंध के साथ हुई, जिसके बाद बर्फीली हवाओं ने लोगों को घरों में ही दुबकने को मजबूर कर दिया।
पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते मंगलवार को दोबारा से दिल्ली – एनसीआर में मौसम ने करवट बदली है। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश की शाम तक बरसने की संभावना है। मौसम विभाग ने खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मध्यम से भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना की चेतावनी जारी की है। कड़ाके की ठंड, बारिश और आंधी-तूफान के मद्देनजर मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह ही राजधानी दिल्ली-एनसीआर सहित हरियाणा और राजस्थान के कई इलाकों में तेज आंधी, गरज-चमक, बिजली गिरने और मध्यम से भारी बारिश की संभावना व्यक्त कर दी थी। मौसम विभाग के अनुसार, प्रभावित इलाकों में चलने वाली हवाओं की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार तक पहुंच सकती है। तेज हवाएं चलने से जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है और बिजली गिरने जैसी घटनाओं का भी खतरा बन सकता है।
बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट आ गई है और सुबह के समय दृश्यता कम रहने से यातायात भी प्रभावित हुआ है। बर्फीली हवाओं के चलने से लोग प्रचंड ठंड का सामना कर घरों में दुबकने को मजबूर हैं। कमोबेश ऐसी ही स्थिति आने वाले एक – दो दिन तक और बने रहने की उम्मीद है, जिससे ठंड के प्रकोप में और अधिक बढ़ोत्तरी हो सकती है।
