महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख अजित पवार का अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह पुणे जिले के बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। अजित पवार का बीते बुधवार को एक विमान हादसे में आकस्मिक निधन हो गया था। महाराष्ट्र सरकार ने उपमुख्यमंत्री के निधन के बाद सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। साथ ही राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। राज्य में सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।
प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार, अजित पवार का विमान बारामती एयरपोर्ट पर उतरते समय संतुलन खो बैठा था और रनवे से फिसकर क्रैश हो गया था। यह दुर्घटना इतनी भीषण थी कि विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। रेस्क्यू टीमों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तकनीकी खराबी, मौसम या पायलटिंग एरर जैसे सभी पहलुओं पर जांच की। फिलहाल इस दुर्घटना की विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुए चार्टर्ड प्लेन हादसे में पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू समेत 5 लोगों की मौत हो गई थी। पवार 5 फरवरी को पुणे में होने वाले जिला परिषद चुनावों के लिए रैलियों को संबोधित करने वाले थे। वे मुंबई से सवेरे 8 बजे करीब रवाना हुए थे।
विमान हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट दर्ज की है। तय प्रक्रिया के तहत यह मामला अब महाराष्ट्र आपराधिक जांच विभाग को सौंपा जाएगा, जो नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अंतर्गत काम करने वाले विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो की रिपोर्ट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंतिम संस्कार से पूर्व महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का पार्थिव शरीर पहले विद्या प्रतिष्ठान और फिर उनके पैतृक गांव कोटेवाड़ी में आम लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। उनके अंतिम संस्कार में राज्य सरकार के सभी मंत्री सम्मिलित रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उपस्थित रहने की भी संभावना है। एनसीपी के अनुसार, सभी दलों के वरिष्ठ नेता श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं। बारामती के साथ-साथ समूचे राज्य से भारी संख्या में लोग और पार्टी कार्यकर्ता दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए शहर में एकत्रित हुए हैं।
