बिहार: बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दरभंगा पहुंच कर महारानी कामसुंदरी देवी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने मिथिला की विरासत को विकास की नींव कहा। उप मुख्यमंत्री शनिवार को भूमि सुधार जन कल्याण संवाद में जनता की जमीन से जुड़ी समस्याओं को सुनेंगे।

इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री शुक्रवार देर शाम दरभंगा पहुंचे। उनके आगमन पर जिलाध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं से मुलाकात के उपरांत उपमुख्यमंत्री  कुमार कपिलेश्वर सिंह के आवास स्थल पर गए, जहां उन्होंने महारानी कामसुंदरी देवी के निधन पर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की।

कुमार कपिलेश्वर सिंह और राजेश्वर सिंह द्वारा उप मुख्यमंत्री का सादगीपूर्ण स्वागत किया गया। विजय कुमार सिन्हा ने महारानी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट कर उनका ढाढस बंधाया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दरभंगा महाराज की बिहार और देश के इतिहास में अहम भूमिका रही है, जिससे पूरा देश गौरवान्वित महसूस करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की विरासत को विकास के साथ जोड़कर सम्मान देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।

कुमार कपिलेश्वर सिंह ने बताया कि उपमुख्यमंत्री द्वारा उनकी दादी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। डिप्टी सीएम ने दरभंगा महाराज द्वारा बिहार और देश के लिए किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर दरभंगा के इतिहास से जुड़ी एक पुस्तक भी उप मुख्यमंत्री को भेंटस्वरूप प्रदान की गई।

अपने आगमन के विषय में बताते हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि वे मिथिला की गौरवशाली विरासत को नमन करने आए हैं। विरासत पर विकास की नींव आधारित होती है तथा जिस दिन से विरासत का सम्मान शुरू हो जाता है, उस दिन से विकास की गति चौगुनी हो जाती है। उन्होंने कहा कि दरभंगा महाराज की ऐतिहासिक भूमिका पर पूरे देश को गर्व है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *