उत्तराखंड: केंद्रीय बजट 2026 को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र की प्रत्येक योजना में हमारे राज्य को सम्मिलित किया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से बहुत लगाव है, इसलिए वह यहां का ध्यान अवश्य रखते हैं। उत्तराखंड को हमेशा बजट में उम्मीद से बढ़कर ही मिलता है और इस बार भी कुछ ऐसी ही आशा है।
केंद्र सरकार के बजट से उत्तराखंड के किसानों को भी काफी उम्मीद है। किसानों की मांग है कि सरकार तय मूल्य पर उनकी शत प्रतिशत फसलों की खरीद की गारंटी दे। साथ ही नकदी फसलों के लिए किसानों को प्रोत्साहन देने के साथ जंगली जानवरों से उनकी फसलों को होने वाले नुकसान से बचाया जाए। इस दिशा में ठोस कदम उठाए उठाए जाने की आवश्यकता है। किसानों का कहना है कि वे परंपरागत के साथ ही नकदी फसलें उगाते हैं, लेकिन न्यूनतम मूल्य पर उनकी शत प्रतिशत फसलों की खरीद की कोई गारंटी नहीं दी जाती।
इस वजह से ही कई बार किसानों को अपनी फसल औने-पौने दाम पर बेचनी पड़ती है, जिसके चलते उनकी लागत तक नहीं निकल पाती। किसानों ने कहा कि पर्वतीय जिलों में जंगली जानवर फसलों को बहुत नुकसान पहुंचाते हैं। अधिकांश लोगों ने इसी वजह से खेती करनी छोड़ दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस बार बजट में फसलों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस योजना बनाएगी।
किसानों के अनुसार उन्हें सही बीज नहीं मिल पाता। उन्होंने गुणवत्तायुक्त सही बीज उपलब्ध कराए जाने की मांग की। एक किसान ने बताया कि दूधली क्षेत्र में लोग देहरादून शहर का गंदा पानी खेतों में आने की वजह से जैविक खेती नहीं कर पा रहे हैं। इससे त्वचा संबंधी रोगों की भी समस्या हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस दिशा में भी कोई कारगर नीति बनाएगी।
केंद्रीय बजट को लेकर हर वर्ग आस लगाए है। सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उत्तराखंड की आवश्यकताओं को भली – भांति समझते हैं। बजट को लेकर हमें भी बड़ी उम्मीद है और हर बार की भांति इस बार भी हमें हमें उम्मीद से बढ़कर दिया जाएगा।
