नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 01 फरवरी को पंजाब के जालंधर दौरे पर रहेंगे। वह यहां धार्मिक स्थल डेरा सचखंड बल्लां में शीश नवाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को संत रविदार की 646वीं जयंती पर पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां जाएंगे और वहां आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इस अवसर पर वह आदमपुर हवाई अड्डे का नाम संत रविदास के नाम पर रखेंगे। इसके अलावा उनके द्वारा हलवारा हवाई अड्डे के सिविल टर्मिनल का उद्घाटन भी किया जाएगा।
पीएम मोदी ने कहा कि संत गुरु रविदास की जयंती के शुभ अवसर पर आदमपुर हवाईअड्डे का नामकरण पूजनीय संत और समाज सुधारक के लिए श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि संत रविदास द्वारा दी गईं समानता, करुणा और मानवीय गरिमा की शिक्षा भारत के सामाजिक मूल्यों के लिए प्रेरणा का कार्य करती हैं।
इस अवसर पर पीएम पंजाब में विमानन अवसंरचना में बढ़ोत्तरी करते हुए हलवारा हवाई अड्डे का नया टर्मिनल भी जनता के लिए समर्पित करेंगे। टर्मिनल भवन राज्य के लिए एक नया प्रवेश द्वार स्थापित करेगा, जिससे लुधियाना और उसके आसपास के औद्योगिक एवं कृषि क्षेत्रों की आवश्यकतओं की पूर्ति हो पाएगी। बता दें कि लुधियाना में हवाई अड्डे का रनवे अपेक्षाकृत छोटा था, जो छोटे आकार के विमानों के लिए ही उपयुक्त था। कनेक्टिविटी में सुधार और बड़े विमानों को समायोजित करने के लिए, नए सिविल एन्क्लेव को विकसित किया गया है।
पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री के सतत प्रयास और पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी विकास के दृष्टिकोण के अनुरूप ही टर्मिनल में कई हरित और ऊर्जा-दक्ष सुविधाओं को सम्मिलित किया गया है। इनमें इन्सुलेटेड छत, एलईडी लाइट व्यवस्था, वर्षा जल संचयन प्रणाली, सीवेज और जल शोधन संयंत्र आदि शामिल हैं। इसका डिजाइन पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दिखाता है, जिससे यात्रियों को एक विशिष्ट और प्रेरित यात्रा का अनुभव प्रदान किया जा सकेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां में संत गुरु रविदास के सम्मान में आयोजित किए जा रहे सार्वजनिक कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। पीएम शाम को मंदिर में दर्शन करेंगे और संत गुरु रविदास जी के चित्र व डेरा सचखंड बल्लां के दूसरे गद्दीनशीन संत सरवन दास जी की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ा कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके पश्चात् वे अरदास करेंगे और परिक्रमा करेंगे तथा श्रद्धालुओं को संबोधित भी करेंगे। पीएम का हाल ही में पद्मश्री से नवाजे गए डेरे के मुखिया संत निरंजन दास जी से मुलाकात का भी कार्यक्रम है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 01 फरवरी को पंजाब के जालंधर दौरे पर रहने के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पीएम के दौरे से पूर्व शहर में बम धमाकों की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अधिक सतर्कत बरत रही हैं। धमकी एक ईमेल के माध्यम से दी गई है जिसमें जालंधर के चार स्कूलों सहित डेरा सचखंड बल्लां को निशाना बनाए जाने की बात कही गई है। धमकी भरे ईमेल के मद्देनजर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों द्वारा शनिवार को संबंधित क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
