उत्तराखंड: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026-27 को सराहा। उन्होंने कहा कि बजट देश और राज्यों के विकास को नई दिशा देगा और साथ ही सभी वर्गों के लिए अवसरों को भी बढ़ाएगा। इस बजट में आर्थिक विकास में तेजी लाने, लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने और सबका साथ सबका विकास सुनिश्चित करने पर बल दिया गया है।

सीएम धामी ने कहा कि बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यटन, कौशल विकास, महिला सशक्तीकरण और उद्योग के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। यह बजट समूचे देश के साथ उत्तराखंड के लिए भी लाभकारी साबित होगा और इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। बजट में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के लिए पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स का विकास करने की योजना है। उत्तराखंड के लिए बजट में पर्यटन और बुनियादी ढांचे पर ध्यान केंद्रित किया गया है, जो विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण और आवश्यक है।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को विकासोन्मुखी और समावेशी बजट पेश करने के लिए बधाई का पात्र बताया। उन्होंने कहा कि बजट में महिलाओं, किसानों, युवाओं, वंचितों, पिछड़े वर्ग और छोटे उद्यमियों पर विशेष ध्यान दिया गया है। 

सीएम ने कहा कि किसानों, पशुपालन, पर्यटन और एमएसएमई के लिए किए गए बजट प्रावधान उत्तराखंड की ग्रामीण और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में पर्यावरण और ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल टेक्नोलॉजी और बायोफार्मा क्षेत्र में किए गए निवेश से राज्य और राष्ट्र दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलना सुनिश्चित हुआ है।

सीएम धामी ने कहा कि यह बजट सबका साथ, सबका विकास और आत्मनिर्भर भारत के उद्देश्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार बजट में घोषित योजनाओं और प्रावधानों को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए केंद्र सरकार के साथ पूरी तरह सहयोग करेगी। यह बजट न केवल देश की आर्थिक शक्ति को मजबूती प्रदान करेगा , बल्कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी इससे विकास के समान अवसर मिलेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *