उत्तराखंड: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को प्रेसवार्ता की। वार्ता में उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में केंद्रीय बजट से 40 हजार करोड़ के काम शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखकर विकास कार्य किया जाएगा।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि उत्तराखंड से खास लगाव रहा है जिसके कारण बजट में उत्तराखंड राज्य के हितों पर ध्यान दिया गया है। सीएम ने कहा कि केंद्रीय बजट उत्तराखंड जैसे राज्यों के लिए संतुलित और क्षेत्रीय विकास की अपार संभावनाएं लेकर आया है। उन्होंने कहा कि इस बजट से उत्तराखंड में संभावनाओं के नए द्वार खुलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट, प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और विकसित भारत के संकल्प को मजबूती प्रदान करने वाला बजट है।  सीएम ने बताया कि बजट से पर्वतीय ट्रैकिंग ट्रेल्स में रोजगार के अवसर विकसित होंगे जिससे गाइड्स के कौशल का विकास होगा।

उन्होंने कहा कि अखरोट, बादाम का प्रोत्साहन किया जाएगा तथा स्थानीय उद्योगों को पुनर्जीवित करने से रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। पर्यटन बढ़ने से रोजगार के अवसरों में इजाफा होगा। बजट भारत के भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार किया गया है। सीएम ने कहा कि आयुष एम्स के लिए भी केंद्र सरकार से निवेदन किया जाएगा।

बजट पर पत्रकार वार्ता करने के साथ ही मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड बिल्डिंग एंड अदर कंस्ट्रक्शन वर्कर्स वेलफेयर बोर्ड में रजिस्टर्ड मजदूरों के स्किल डेवलपमेंट के लिए बनाए गए ‘ट्रेनिंग पोर्टल’ का उद्घाटन भी किया। देहरादून में राज्य सचिवालय में आयोजित बैठक में सीएम ने कहा कि यह पोर्टल पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके आश्रित परिवारजनों के कौशल विकास को पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि श्रमिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को ऑनलाइन एवं पारदर्शी बनाए जाने के लिए इस पोर्टल को बनाया गया है। सीएम ने  कौशल प्रशिक्षण के पश्चात श्रमिकों के सर्वांगीण विकास से जुड़ी अन्य जरूरतों पर भी प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *