उत्तराखंड: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को हरिद्वार स्थित समाधि मंदिर स्थापना समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले उत्तर प्रदेश में व्यवस्था को कोसा जाता था, वहीं आज आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में प्रदेश आगे बढ़ रहा है।
उत्तराखंड में हरिद्वार स्थित समाधि मंदिर स्थापना समारोह में लोकार्पण करने हरिद्वार पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत परंपरा में शिष्य और गुरु की महत्ता और इसके संवाहकों की प्रशंसा की। उन्होंने उत्तर प्रदेश में पहले के हालात पर चर्चा की और वर्तमान परिदृश्य का भी पक्ष रखा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुंडा, दंगा, और डंडा मुक्त उत्तर प्रदेश में अब सब चंगा है।
सीएम ने कहा कि पहले रामभक्तों पर गोलियां चलती थीं और उन्हें अपमानित किया जाता था। पहले प्रदेश में न बेटी सुरक्षित थी और न व्यापारी सुरक्षित था। आज बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर को रामराज्य की परिकल्पना की पहली शुरुआत है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज माघ मेला में पौष पूर्णिमा से लेकर अब तक 20 करोड़ से अधिक श्रद्धलु त्रिवेणी में डुबकी लगा चुके हैं। प्रशासन किस प्रकार चलता है यह संत परंपराओं और आश्रम पद्धतियों के साथ उत्तर प्रदेश में दिख रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तराखंड भारत की आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है। राज्य आज विकास के नए आयाम लिख रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रधानमंत्री के निर्देशन में विकास और विरासत को संजोकर काम कर रहे हैं। इस पर उन्होंने मुख्यमंत्री को बधाई दी और उनकी प्रशंसा की।
