उत्तराखंड: उत्तराखंड में आने वाले दो दिनों के पश्चात बारिश-बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि आने वाले दिनों में होने वाली बारिश-बर्फबारी से तापमान पर बहुुत ज्यादा असर देखने को नहीं मिलेगा।

उत्तराखंड में लंबे इंतजार के बाद पिछले महीने जनवरी में हुई बारिश और बर्फबारी से सूखी ठंड से तो राहत मिली ही,  साथ ही लोगों के चेहरे पर खुशी भी आ गई थी। लेकिन अब फरवरी के शुरुआती दिनों में ही मैदानी क्षेत्रों में तापमान में बढ़ोत्तरी होने लगी है। हालांकि सुबह और शाम के वक्त अभी भी ठंडक  महसूस की जा रही है।

आंकड़ों की बात करें तो शुक्रवार को राजधानी देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 25 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया। इसकी वजह से दिन के समय धूप में रहने से गर्मी का अहसास होने लगा था। ऐसा ही हाल प्रदेश के दूसरे इलाकों में भी देखने को मिला। फिलहाल स्थिति यह है कि अभी तक सामान्य से नीचे रहने वाला न्यूनतम तापमान भी सामान्य के आंकड़े पर दर्ज हो रहा है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अमूमन इतना तापमान फरवरी के आखिरी सप्ताह या फिर 20 दिन बीतने के बाद देखने को मिलता था। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में होने वाली बारिश-बर्फबारी का असर तापमान पर बहुुत कम पड़ेगा। खासकर तेज धूप का असर मैदानी इलाकों में ज्यादा दिखाई देने की संभावना है।

शनिवार को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में सुबह के समय कोहरा छाने से ठंड ने परेशान किया। हालांकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहा। आने वाले दिनों की बात करें तो नौ फरवरी से अगले दो दिनों तक प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। प्रदेश के तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार ज्यादा बन रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *