छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के ‘शिमला’ और ‘छोटा तिब्बत’ के नाम से प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में 13 फरवरी से तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा किया जाएगा।

इस महोत्सव का आयोजन 13 से 15 फरवरी तक रोपाखार जलाशय के नजदीक किया जाएगा। राज्य शासन के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से इसका आयोजन कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल द्वारा की जाएगी।

मैनपाट महोत्सव में लोक कला, संगीत और संस्कृति का रंगारंग संगम दिखाई देगा। 13 फरवरी को भोजपुरी फिल्म जगत के लोकप्रिय गायक और अभिनेता मनोज तिवारी अपनी प्रस्तुति देंगे। इसी दिन छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और ओडिशा के प्रसिद्ध छऊ नृत्य कलाकार भी अपनी कला प्रदर्शित करेंगे। 14 फरवरी की संध्या छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोक गायिका अलका चंद्राकर और इंडियन आइडल फेम वैशाली रायकवार की सुरीली प्रस्तुतियों से सजेगी। महोत्सव के अंतिम दिन यानि 15 फरवरी को बॉलीवुड की चर्चित सिंगर कनिका कपूर आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके अतिरिक्त रायगढ़ घराने की कत्थक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और गायक आयुष नामदेव भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। स्थानीय कलाकार और स्कूली बच्चे भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे।

जिला प्रशासन के मुताबिक मैनपाट महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। महोत्सव स्थल पर विभिन्न शासकीय विभाग विकास प्रदर्शनी लगा रहे हैं, जिनमें शासन की योजनाओं के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों, टाऊ और तिब्बती हस्तशिल्प का प्रदर्शन किया जाएगा। पर्यटकों के लिए एडवेंचर गतिविधियों में बोटिंग, साहसिक खेल और पारंपरिक दंगल का आयोजन भी किया गया है। सुरक्षा, पार्किंग को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। महोत्सव के फूड ज़ोन में सरगुजा अंचल के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी लिया जा सकेगा।

बता दें कि अंबिकापुर से लगभग 75 किलोमीटर दूर समुद्र तल से करीब 3,781 फीट की ऊंचाई पर स्थित मैनपाट अपनी प्राकृतिक सुंदरता और ठंडे मौसम के लिए प्रसिद्ध है। यहां बसे बड़े तिब्बती समुदाय और थाकपो शेडुप्लिंग मठ पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। जलजली क्षेत्र, जहां जमीन स्पंज की तरह हिलती है, उल्टा पानी जहां पानी ढलान के विपरीत बहता दिखाई देता है, टाइगर पॉइंट, मछली पॉइंट, मेहता पॉइंट और सरभंजा जलप्रपात जैसे कई दर्शनीय स्थल मैनपाट को विशेष बनाते हैं। मैनपाट महोत्सव के माध्यम से यहां आने वाले पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य के साथ सांस्कृतिक विरासत और रोमांचक देखने को मिलेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *