उत्तराखंड: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के मध्य 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ की तैयारियों और नमामि गंगे से संबंधित परियोजनाओं पर विस्तृत रूप से बातचीत की गई।

बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने जल शक्ति मंत्री से कुंभ का सफल, सुव्यवस्थित और पर्यावरण की दृष्टि से सतत आयोजन सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत 408 करोड़ रूपए से अधिक की परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का निवेदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनवरी से अप्रैल तक आयोजित होने वाले इस महाआयोजन में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है, जिसके दृष्टिगत गंगा की निर्मलता, स्वच्छता व अविरलता बनाए रखना उत्तराखंड सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए 250 करोड़ रुपए से अधिक के प्रस्तावों की स्वीकृति, जल जीवन मिशन के अंतर्गत अतिरिक्त राशि जारी करने करने के साथ ही इकबालपुर नहर प्रणाली, कनखल एवं जगजीतपुर नहर की क्षमता विस्तार का भी निवेदन किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इससे असिंचित भूमि की सिंचाई के लिए 665 क्यूसेक पानी उपलब्ध हो सकेगा जिससे हरिद्वार जिले के भगवानपुर और लक्सर लाभान्वित हो सकेंगे। परियोजना से लगभग 12 हजार हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने का भी अनुमान है और साथ ही क्षेत्र में पेयजल समस्या का समाधान भी हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से हरिद्वार कुंभ 2027 को भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *